
नई दिल्ली, 30 अप्रैल . देश के विभिन्न हिस्सों में एग्जिट पोल सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने असम, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में अपनी पार्टी की जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि जनता विकास के लिए भाजपा सरकार को ला रही है.
एग्जिट पोल पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने से बात करते हुए कहा, “एग्जिट पोल के नतीजे बताते हैं कि असम और पश्चिम बंगाल में हमारी सरकार भारी बहुमत से बनने जा रही है. तमिलनाडु में भी हमारा प्रदर्शन अच्छा रहेगा और केरल में हमें चौंकाने वाले नतीजे देने की उम्मीद है.” उन्होंने ये भी कहा, “जिस तरह सूरज का उगना तय है, उसी तरह पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना भी तय है.”
सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, “बंगाल के चुनाव अधिकारी ने कहा है कि जहां कहीं भी कोई टेपिंग हुई है, उन सभी जगहों पर दोबारा चुनाव होंगे. हम चुनाव आयोग को भी बहुत अच्छे तरीके से चुनाव कराने के लिए धन्यवाद देते हैं और बंगाल में नतीजा बहुत अच्छा आने वाला है.”
एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “इस बार बंगाल की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है. बदलाव निश्चित रूप से होने वाला है.”
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा, “मैं इतनी अच्छी तरह से मतदान संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहूंगा. मैं विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं. पश्चिम बंगाल के लोग बिना किसी डर के घरों से निकले और अपने लोकतांत्रिक अधिकार (मतदान) का प्रयोग किया.”
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा, “पांच राज्यों में हुए चुनावों के एग्जिट पोल्स से जो सबसे बड़ा निष्कर्ष सामने आ रहा है, वह यह है कि इंडिया ब्लॉक का विघटन तय है. इंडिया ब्लॉक राहुल गांधी के नेतृत्व से थक चुका है. यह निश्चित है कि इन चुनावी नतीजों के बाद इसका विघटन हो जाएगा.”
भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “इससे यह संकेत मिलता है कि देश नकारात्मक राजनीति को नकार रहा है. एनडीए उन ज्यादा से ज्यादा राज्यों में शासन करेगा, जितने राज्यों में कोई भी राजनीतिक दल शासन कर सकता है.”
प्रदीप भंडारी ने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल के लोगों का अभिनंदन करना चाहूंगा, क्योंकि उन्होंने बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए बाहर आकर इतिहास रच दिया है. इस बार, कुछ इक्का-दुक्का घटनाओं को छोड़कर, मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा है. जहां कहीं भी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े तत्वों द्वारा धांधली नही कर पाई गई. जहां कही कीए जाने की कोशिश की गई, वहां चुनाव आयोग ने कहा है कि दोबारा मतदान कराया जाएगा.”
एग्जिट पोल पर जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने कहा, “जिन राज्यों में चुनाव हुए हैं, उनसे जो खबरें आई हैं, उनके अनुसार भाजपा की सरकार बनेगी. जिनकी कुर्सी जा रही है, वे लोग हताश और निराश हैं और इसलिए हिंसा का सहारा लेते हैं. राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है, लेकिन जिन लोगों ने हिंसा की, उसे जनता देखती है और उनका हिसाब भी करती है.”
कर्नाटक के पूर्व मंत्री सीटी रवि ने कहा, “पश्चिम बंगाल के लोग बदलाव की मांग कर रहे हैं और कई जगहों पर बदलाव के नारे लगाए जा रहे हैं. सरकार में बदलाव की मांग है और भाजपा के सरकार बनाने का समर्थन किया जा रहा है. महिलाएं सुरक्षा चाहती हैं और युवा रोजगार और नौकरी के अवसरों की मांग कर रहे हैं.”
–
एसएके/वीसी