
लखनऊ, 14 जुलाई . उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी-कांग्रेस गठबंधन और राम मंदिर चढ़ावा विवाद सहित कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी.
पत्रकारों से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आपसी कलह पर केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और सपा आपस में लड़ें या चाहे न लड़ें, भाजपा की सेहत पर इससे कोई असर नहीं पड़ता है. हर हाल में भाजपा की विजय सुनिश्चित है. 2027 में तीसरी बार सरकार बननी तय है और 2029 में देश में चौथी बार सरकार बननी तय है. ये लोग लड़ें या मिलें, भाजपा को कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है.
अखिलेश यादव के बयानों के खिलाफ प्रदेशभर में पोस्टर लगाए जाने को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव का पूरा परिवार राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का विरोधी रहा है. राम भक्तों की हत्या के मामले में न तो राम भक्त माफ कर सकते हैं, न कारसेवक माफ कर सकते हैं और न साधु-संत माफ कर सकते हैं. इसलिए राम जन्मभूमि मामले में अखिलेश यादव को बयानबाजी बंद कर देनी चाहिए और अपनी पार्टी को बचाने में ध्यान दें.
केशव मौर्य ने कहा कि एक-एक चुनाव देश के हित में है. जब देश आजाद हुआ तो लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होते थे. लेकिन कांग्रेस की संविधान विरोधी नीतियों की वजह से अलग-अलग समय पर चुनाव होने लगा. जो पैसा विकास के लिए खर्च किया जाना चाहिए, वो सारा का सारा पैसा चुनाव के लिए खर्च होने लगा, इसकी वजह से देश की प्रगति प्रभावित हुई.
केशव मौर्य ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन को लेकर पीएम मोदी की ओर से जो विजन रखा गया है, उसका हम लोग स्वागत और समर्थन करते हैं. एक देश एक चुनाव होना ही चाहिए.
–
एसडी/एएस