
नई दिल्ली, 9 नवंबर . दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण, बाबरी मस्जिद विध्वंस पर सोनिया गांधी की टिप्पणी और समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे के बयान को लेकर सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने प्रदूषण को देश के नागरिकों की जिंदगी और सांसों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए सभी राजनीतिक दलों से इस पर राजनीति करने के बजाय मिलकर काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़े इस मसले पर सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बनती है. वहीं, बाबरी मस्जिद विध्वंस का जिक्र करते हुए उन्होंने उस समय की केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकारों की भूमिका पर सवाल उठाए और कहा कि इस घटना के बाद न्यायपालिका के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है.
दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि यह देशवासियों की जिंदगी और सांसों से जुड़ा मामला है. किसी भी राजनीतिक पार्टी को इस पर सियासत नहीं करनी चाहिए. प्रदूषण का असर बच्चों, देश के भविष्य और आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है. लोग बीमार हो रहे हैं और अस्पतालों में जगह की कमी की स्थिति बन रही है. ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को एक साथ आकर इसका समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए. प्रदूषण को नियंत्रित करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सरकार की है. सरकार को दुनिया के अलग-अलग देशों में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अपनाए जा रहे उपायों का अध्ययन करना चाहिए और यह देखना चाहिए कि किन तरीकों से इस समस्या को कम किया जा सकता है. एक-दूसरे पर आरोप लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा. इसके लिए साझा रणनीति बनाने के साथ-साथ आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाना भी जरूरी है.
दिवाली के दौरान पटाखे जलाए जाने का जिक्र करते हुए मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि उन्होंने रात में देखा कि बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े गए. उस समय बाहर निकलना भी अपने स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने जैसा था. एक रात में इतना प्रदूषण फैल जाता है कि उसका असर पूरी सर्दी के दौरान महसूस किया जाता है. इसलिए इस पर गंभीरता से विचार करने और व्यवस्था में बदलाव लाने की जरूरत है. उन्होंने Supreme Court से भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाने की अपील की. नदवी ने कहा कि Supreme Court कई मुद्दों पर निर्देश देता है, इसलिए देश के नागरिकों की जिंदगी से जुड़े इस गंभीर विषय पर भी उसे फैसला लेना चाहिए. यदि राजनीतिक दल प्रदूषण के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, तो Supreme Court को खुद संज्ञान लेकर नोटिस जारी करना चाहिए. यह नागरिकों के बुनियादी जीवन के अधिकार से जुड़ा सवाल है और इस पर गंभीर निर्णय जरूरी है.
बाबरी मस्जिद विध्वंस पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर मोहिबुल्लाह नदवी ने उस समय की केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकारों की भूमिका पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अदालत में जो आश्वासन दिया गया था, उसके बावजूद दिन के उजाले में बाबरी मस्जिद का विध्वंस हुआ. उस समय उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी. यह घटना उस भरोसे पर भी चोट थी, जिसके तहत देश संविधान और कानून के अनुसार चलने की बात करता है. बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद न्यायपालिका के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है. अदालत में दिए गए आश्वासनों के बावजूद ऐसी घटना हुई, जिससे न्याय व्यवस्था की प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े हुए. उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले और इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दुनिया में जो चर्चा हुई, वह सभी के सामने है.
सपा सांसद ने समाजवादी पार्टी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पार्टी के लोगों ने संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाई थी. उन्होंने कहा कि इतिहास में यह बात याद रखी जाएगी कि जब उत्तर प्रदेश और केंद्र में अलग-अलग दलों की सरकारें थीं, तब संविधान और अदालत में दिए गए आश्वासनों के साथ क्या हुआ. उन्होंने बाबरी मस्जिद को एक ऐतिहासिक मस्जिद बताते हुए कहा कि एक खास समुदाय की प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंचाने के लिए साजिश रची गई. नदवी ने कहा कि यह घटना उस समय भी शर्मनाक थी और आने वाले समय में भी याद रखी जाएगी.
‘संविधान बचाने के लिए मुलायम सिंह ने अयोध्या में चलवाई थी गोलियां’, सपा सांसद सनातन पांडे के इस बयान पर मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि संविधान को बचाने की बात बिल्कुल सही है. संविधान की रक्षा के लिए समाजवाद हमेशा सबसे आगे रहा है, पहले भी आगे था और आगे भी रहेगा.
–
पीएसके