
दांबुला, 26 जुलाई . बांग्लादेश टी20 कप्तान तौहीद हृदोय को लंका प्रीमियर लीग 2026 (एलपीएल-2026) की जाफना किंग्स टीम में शामिल किया गया है. वे अपने बांग्लादेशी साथी तस्कीन अहमद की जगह लेंगे. टूर्नामेंट की प्लेयर्स मैनेजमेंट कमिटी ने रविवार को इसकी पुष्टि की.
तस्कीन उपलब्ध न होने के कारण फ्रेंचाइजी में शामिल नहीं हो पाए, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया.
टूर्नामेंट में बांग्लादेश के कप्तान का स्वागत करते हुए, लंका प्रीमियर लीग के ऑफिशियल राइट्स होल्डर, आईपीजी ग्रुप के फाउंडर और सीईओ अनिल मोहन शंखधर ने कहा, “हमें लंका प्रीमियर लीग में तौहीद हृदोय का स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है. वह बांग्लादेश के सबसे काबिल क्रिकेटरों में से एक बनकर उभरे हैं और जाफना किंग्स में क्वालिटी और नेतृत्व दोनों लाएंगे. हम तस्कीन अहमद को शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन हमें यकीन है कि हृदोय के आने से प्रतियोगिता और बढ़ेगी. फैंस को इस सीजन में फॉलो करने के लिए एक और रोमांचक खिलाड़ी मिलेगा.”
तौहीद ने 168 मैचों में 30.73 की औसत से 4,057 रन बनाए हैं. इसमें दो शतक शामिल हैं. तौहीद ने इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया है. बांग्लादेश के टी20 कप्तान बनने के बाद से, उन्होंने कई शानदार प्रदर्शन किए हैं, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ 27 गेंदों पर नाबाद 51 रन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 61 रन की पारी शामिल हैं. इससे एक बल्लेबाज और लीडर दोनों के तौर पर उनकी अहमियत पता चलती है.
जाफना किंग्स ने अपने एलपीएल 2026 कैंपेन की मिली-जुली शुरुआत की है. टीम को कोलंबो में अपने शुरुआती दो मैचों में एक जीत और एक हार मिली है. तौहीद के आने से टीम की बल्लेबाजी मजबूत होगी. फ्रेंचाइजी दांबुला में कोलंबो कैप्स के खिलाफ अपने अगले मैच से पहले रफ्तार पकड़ना चाहती है.
–
पीएके