
भोपाल 28 जुलाई मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति के आकलन के लिए जन विश्वास अभियान चलाने का फैसला लिया गया है.यह निर्णय मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया. मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई. इस बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि राज्य में जनविश्वास अभियान चलाया जाएगा.
यह अभियान सप्ताह में हर शुक्रवार को चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग के लिए यह अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि सभी मंत्री, विधायक निचले स्तर पर जाएंगे. साथ ही अधिकारियों की टीम भी शुक्रवार को समीक्षा करेगी. शुक्रवार के दिन कोई बैठक आयोजित नहीं की जाएगी, सिर्फ यही अभियान होगा और पूर्व से तय रहेगा.
मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि कलेक्टर पर जिम्मेदारी रहेगी कि जो भी योजनाएं चल रही है उनकी मॉनिटरिंग करें. सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, आयुष्मान कार्ड योजना, जल जीवन मिशन, आंगनबाड़ी, खाद बीज़ सहित अन्य विषयों की समीक्षा होगी.कुल मिलाकर समाधान, संवाद, संवेदनशीलता और सादगी के साथ यह सब होगा. इसमें कोई बड़ी राशि खर्च नहीं की जाएगी, बहुत बड़ा टेंट नहीं लगेगा.आवश्यक सुविधाओं को ही जुटाया जाएगा.
राज्य सरकार ने जन विश्वास अभियान के लिए जो कार्य योजना तैयार की है उसके मुताबिक मंत्री पहले अपने प्रभार वाले जिले में जाएंगे. इस तरह पूरी सरकार ही जमीनी स्तर परियोजनाओं का आकलन करेगी.
–
एसएनपी/पीएम