मध्य प्रदेश : रिश्वत मांगने वाले दो विपणन अधिकारी सस्पेंड

भोपाल 24 सितंबर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वत मांगने वाले दो विपणन अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. रिश्वत मांगने वाले दोनों ही अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. इससे पहले भी एक विपणन अधिकारी को निलंबित किया गया था . आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वतखोरी के मामले में कृषि विभाग के दो विपणन अधिकारियों नीरज वर्मा और संदीप दीदावत को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.

बताया गया है कि नीरज वर्मा ने सीहोर जिले के वेयर हाउस संचालको से 50-50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. वेयर हाउस संचालको से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी. इसी तरह विपणन अधिकारी संदीप दीदावत ने रायसेन स्थित वेयरहाउस संचालक से 60 हजार की रिश्वत मांगी थी. रायसेन में निरीक्षण के दौरान प्रकाश वेयरहाउस के संचालक से सब्सिडी की राशि जारी करने रिश्वत मांगी गई थी.

इन अधिकारियों की शिकायत केन्द्रीय कृषि मंत्री को मिली थी, शिकायत के बाद शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर दोनों अधिकारी सस्पेंड कर दिया गया है. इससे पहले मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस संचालकों से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी.

रिश्वत के तौर पर शिवाय वेयरहाउस से 1 लाख और श्री कृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार की मांग की गई थी .जिस पर विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था . दरअसल केंद्रीय मंत्री चौहान विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं और सीहोर तथा रायसेन जिला उनके संसदीय क्षेत्र में आता है. वह पिछले दिनों संसदीय क्षेत्र के प्रवास पर थे और उन्हें कई लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ शिकायत की थी.इस शिकायत के आधार पर विपणन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

–

एसएनपी/पीएम