
मुंबई, 6 जुलाई . महाराष्ट्र के जल संसाधन और आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने मुंबई के पूर्वी उपनगर मानखुर्द में भारी बारिश के बीच तीन मंजिला चॉल के गिरने से छह लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं. वहीं, इस मामले में विपक्ष ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने मानखुर्द में घटनास्थल का निरीक्षण किया. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने अपने बयान में कहा कि शहर की ऐसी सभी खतरनाक और अवैध इमारतों की कड़ी जांच शुरू की जाएगी.
उन्होंने कहा, “मानखुर्द के जनता नगर में हुई यह दुर्घटना बेहद दुखद है. मैं घटनास्थल का निरीक्षण करने और स्थिति का जायजा लेने के लिए सीधे नासिक से आया हूं. इस इलाके की गलियां बहुत संकरी हैं और घर एक-दूसरे के ऊपर खतरनाक तरीके से बने हुए हैं. जिन ढांचों का आधार केवल 12 गुणा 12 फीट है, उन पर तीन अतिरिक्त मंजिलें खड़ी कर दी गई हैं. इनमें से अधिकांश निर्माण अवैध हैं.”
जानकारी के अनुसार, जनता नगर की चॉल नंबर-5 में हनुमान मंदिर के पास स्थित इस ढांचे में ग्राउंड फ्लोर के अलावा तीन अतिरिक्त मंजिलें थीं. जब घर गिरे, तो कई लोग मलबे के नीचे दब गए. सूचना के बाद एनडीआरएफ, मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, नगर निगम वार्ड के अधिकारी और 108 एम्बुलेंस सेवाओं सहित आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं.
मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया और बाद में घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया. इस हादसे में पांच बच्चों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है.
मृतकों की पहचान आलिया (7), मुस्कान (14), निहाल (6), नाबिया (2), सोनी (32) और मुनाफ (7) के रूप में हुई. सभी मृतक एक ही परिवार के थे. 24 वर्षीय रेहान अली इस हादसे में घायल हुआ.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर बताया कि सीएम फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है. वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने संबंधित नगर निगम अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से व्यक्तिगत रूप से जानकारी ली है.
उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि मुंबई के मानखुर्द में इमारत गिरने से छह नागरिकों की मौत बेहद दर्दनाक घटना है. इसके साथ ही, उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
उन्होंने कहा, “हर मॉनसून सीजन में इमारतें गिरती हैं, सड़कें धंसती हैं, मैनहोल मौत का जाल बन जाते हैं, फिर भी सरकार और प्रशासन बेखबर रहते हैं. बेगुनाह लोगों की जान जाती है और फिर जांच के आदेश जारी किए जाते हैं. यह रोज का काम बन गया है. इस हादसे की गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.”
कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने दावा किया कि ये मौतें सिर्फ एक हादसा नहीं हैं, बल्कि मुंबई में पुरानी और खतरनाक इमारतों की सुरक्षा और समय पर जांच न होने पर सवाल उठाती हैं और प्रशासन की लापरवाही को दिखाती हैं.
–
डीसीएच/