महाराष्ट्र: नासिक में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान, पुणे में मकान ढहने से कई लोगों के दबे होने की आशंका

नासिक, 6 जुलाई . भारी बारिश की वजह से महाराष्ट्र के कई जिलों का बुरा हाल हो गया है. मुंबई में स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, नासिक और पुणे में भी चेतावनी जारी की गई है.

नासिक के जिला सूचना कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में नासिक जिले के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है. नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

नासिक स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से मानसून के मद्देनजर सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि नागरिकों को भारी बारिश, बाढ़, बिजली गिरने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के संभावित खतरे के बारे में समय पर सूचना प्राप्त करने के लिए आधिकारिक मौसम ऐप्स का उपयोग करना चाहिए.

वहीं, पुणे के मावल तालुका के पाटन गांव में सोमवार सुबह एक मकान ढह जाने से सभी लोग मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है. पुणे के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही मावल तहसीलदार मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है.

इस घटना के मद्देनजर, पुणे स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की पांचवीं बटालियन से सहायता मांगी गई है.

जिसके बाद एनडीआरएफ के 30 जवान आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ घटना स्थल के लिए रवाना हुए, जिसके बाद बचाव कार्य जारी है.

भारी बारिश की वजह से मुंबई-पुणे क्षेत्र में भारी बारिश और घाट खंड में भूस्खलन के कारण रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है, कुछ मार्गों को परिवर्तित किया है और कुछ ट्रेनों के आरंभ और समापन बिंदुओं में बदलाव किया है.

पुणे के एसपी शिवाजी पवार ने बताया कि भारी बारिश और जलभराव के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे का मुंबई की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है. उन्होंने लोगों से मुंबई और पुणे के बीच गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की.

बारिश और तेज हवाओं की वजह से ठाणे में भी कैडबरी जंक्शन रेमंड गेट के पास एक होर्डिंग गिर गया, जबकि शहर भर में कई जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं. वहीं, ठाणे-भिवंडी रोड पर रहनॉल गांव के पास भारी जलभराव की खबर है, जहां सड़कें दो फीट तक पानी में डूबी हुई हैं. गाड़ियों को पानी से भरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है.

एसडी/पीएम