महाराष्ट्र: मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट, तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी

मुंबई, 6 जुलाई . मुंबई में हो रही भारी बारिश से स्थिति काफी गंभीर हो गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बीएमसी ने पोस्ट कर लिखा, “भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें 70 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें.”

बीएमसी की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, “कृपया पेड़ों, जर्जर इमारतों, होर्डिंग्स, बिजली के खंभों और अन्य खतरनाक जगहों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें. गाड़ियों को पेड़ों के नीचे पार्क करने से बचें. समुद्र तटों या निचले/जल-जमाव वाले इलाकों में जाने से बचें. नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें बल्कि आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों और चेतावनियों का पालन करें.”

बीएमसी ने आगे लिखा, “कृपया बीएमसी प्रशासन और आपदा प्रबंधन अधिकारियों द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें. इसके अलावा, नागरिकों से अनुरोध है कि मदद के लिए बीएमसी की हेल्पलाइन ‘1916’ पर संपर्क करें. बीएमसी के लगभग 15,000 कर्मचारी और अधिकारी अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर चौबीसों घंटे जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं. वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और जरूरी उपायों के लिए समन्वय कर रहे हैं.”

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की ओर से जानकारी दी गई कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 6 जुलाई 2026 को पुणे जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए पुणे शहर और पुणे ग्रामीण जिले के सभी स्कूलों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है. उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासन और भारत मौसम विज्ञान विभाग के निर्देशों का सख्ती से पालन करें और आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतें.

एसडी/पीएम