
गोंदिया, 15 जुलाई . महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के दासगांव में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है. मंगलवार के साप्ताहिक बाजार में पिता के साथ सामान लेने गई तीन साल की मासूम की तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने देर रात तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया और वाहन को जब्त भी नहीं किया. इस बात से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया.
मिली जानकारी के अनुसार, बलमाटोला निवासी लक्ष्मीचंद सेवईवार अपनी तीन वर्षीय बेटी कुमारी पासी के साथ बाजार आए थे. बाजार के दौरान अचानक तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात बुलेरो ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी और काटी मार्ग की तरफ भाग निकला. गंभीर रूप से घायल बच्ची को पिता और ग्रामीणों की मदद से तुरंत दासगांव प्राथमिक उपकेंद्र ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिजनों ने रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन में अज्ञात बुलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया.
आक्रोशित पिता बच्ची के शव को गोद में लेकर घटना स्थल पर पहुंचे और कुछ देर तक सड़क पर बैठकर न्याय की गुहार लगाते रहे. उन्होंने “पुलिस हाय हाय” के नारे भी लगाए. इस बीच पूर्व जिला परिषद सदस्य नरेंद्र तुरकर भी पीड़ित परिवार और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए. करीब 9 बजे से रात 3 बजे तक चला यह विरोध प्रदर्शन चला.
वहीं, महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में एक कार की डंपर के साथ भिड़ंत होने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई. दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें लांजा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, हादसा रत्नागिरी जिले के लांजा क्षेत्र में मुंबई-गोवा हाईवे पर हुआ. बताया गया कि मुंबई के अग्रीपाड़ा का रहने वाले एक परिवार के कुछ सदस्य गोवा गए थे. लौटते समय लांजा रेस्ट हाउस के पास एक खड़े डंपर ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे भयानक हादसा हो गया. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रेटा कार के परखच्चे उड़ गए.
–
ओपी/पीएम