बिग बॉस 20 में इमोशनल नजर आईं माही विज, कहा-जज ने 4 बार एलिमनी को कहा पर मैंने नहीं लिया

मुंबई, 22 अक्टूबर . अभिनेत्री माही विज रियलिटी शो ‘बिग बॉस-20’ में एक इमोशनल मोमेंट में अपनी बेटी तारा को लेकर काफी भावुक होती दिखीं. इस दौरान उन्होंने बेटी की परवरिश, उसके सुरक्षित भविष्य और अपनी सिंगल मदर की जर्नी के बारे में खुलकर बात की. साथ ही, माही ने जय भानुशाली से तलाक के दौरान एलिमनी न लेने के अपने फैसले का भी जिक्र किया.

शो के दौरान माही विज ने बताया कि उनकी पूरी जिंदगी अपनी बेटी के ईर्द-गिर्द घूमती है और वो खुद अपने दम पर उसके लिए सिक्योर फ्यूचर बनाना चाहती हैं. माही ने कहा, “मैं सिंगल मदर हूं और मैं ही जानती हूं कि मेरा पूरा दिन यहां पर कैसे गुजरता है. जय अक्सर मुझे बाहर जाने और अपनी जिंदगी जीने के लिए कहता रहता है. वो कहता है, ‘तुम बाहर जाया करो, तुम कहीं जाती ही नहीं हो. तुम तारा के लिए घर में ही बैठी रहती हो.’ मेरी पूरी जिंदगी मेरी बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती है.”

माही ने रोते हुए यह भी बताया कि तलाक के दौरान जज ने उनसे 4 बार कहा था कि वो जय भानुशाली से गुजारा भत्ता (एलिमनी) ले लें लेकिन उन्होंने लेने से मना कर दिया. उनका मानना है कि वह पैसे उनके पति व अभिनेता जय भानुशाली की मेहनत की कमाई है.

उन्होंने कहा, “पता है? मैंने एक भी रुपया एलिमनी नहीं लिया लेकिन फिर भी, मैं किसी से भी पैसे नहीं मांगती, जय से भी नहीं. मुझे लगता है कि वो उसकी मेहनत की कमाई है. मैं कोर्ट में खड़ी थी और जज ने मुझसे चार बार एलिमनी लेने के लिए कहा था और मैंने लेने से इनकार कर दिया था क्योंकि मैंने देखा है कि जय ने कितनी मेहनत से वो पैसे कमाए हैं.”

उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि जय ने मुझे कुछ भी लेने के लिए मना किया है, मुझे पता है कि उसका पूरा लॉकर मेरे लिए खुला रहता है लेकिन फिर भी मेरा मन रुपये लेने के लिए नहीं करता है. उसने इतने रुपये कमाने के लिए बहुत मेहनत की है, वो सेट पर 16-16 घंटे खड़े होकर काम करता रहता है. ये उसकी मेहनत की कमाई है.”

बता दें कि ये पूरी बात तब शुरू हुई जब माही का अरिश्फा के साथ झगड़ा हुआ. दरअसल, माही ने अरिश्फा और काजी के झगड़े में काजी का साथ दिया था. इसके बाद अरिश्फा ने गुस्से में आकर कनिका, गुल्लू और माही के बिस्तर पर पानी गिरा दिया था क्योंकि उन्होंने उसे घर से बेघर करने के लिए नॉमिनेट किया था. माही ने कहा कि वो सच में अरिश्फा से आराम से बात करके सारे मतभेद खत्म करना चाहती थीं. उन्होंने बताया कि वो हमेशा अरिश्फा को अपनी छोटी बेटी तारा की तरह देखती हैं लेकिन उन्हें लगता है कि अरिश्फा बदतमीजी करती है और बार-बार उन्हें नीचा दिखाती है. अपनी बात कहते हुए माही रो पड़ीं, जिसके बाद युंग, आसिफ और स्काउट उन्हें शांत कराते नजर आए.

–

एनएस/पीएम