
रांची, 11 जुलाई . झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हुई हत्या के मामला में पुलिस लगातार इस मामले में शामिल अपराधियों की तलाश और कार्रवाई में जुटी है.
इसी को लेकर जिले के सिटी एसपी ललित मीणा ने शनिवार को समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए बताया कि डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है और इसके द्वारा वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि हिंमाशु सिंह हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया था. उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कुल 13 अपराधियों को हिरासत में ले लिया गया है.
शुक्रवार को एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जिसका नाम राहुल दुबे है. पुलिस ने अपराधी के पास से घटना में इस्तेमाल किया हुआ एक चापड़ भी बरामद किया है. एसपी ने बताया कि राहुल दुबे का पूर्व में भी अपराधी इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज है.
उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल अभियुक्तों की संख्या ज्यादा थी. हालांकि, अब सभी को हिरासत में लेने के साथ उनसे पूछताछ की जा रही है. एसपी ने बताया कि हिमांशु हत्याकांड मामले में शामिल सभी अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. बस एक अभियुक्त अरविंद की गिरफ्तारी बाकी है, जिसके लिए पुलिस की ओर से लगातार तलाशी अभियान जारी है.
–
डीके/डीकेपी