
पुलवामा, 10 अगस्त . जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलवामा पुलिस ने पूरे जिले में खनिजों के गैर-कानूनी खनन को रोकने और सार्वजनिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं.
पुलिस की ओर से लस्सीपोरा के पंजरां गांव में एक ऑपरेशन चलाया गया और 10 जेसीबी मशीनें जब्त की गईं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की ओर से कहा गया कि पुलिस सार्वजनिक संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और पूरे जिले में अवैध माइनिंग गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी.
इससे पहले बारामूला जिले में पुलिस ने शिकंजा कसा था. झेलम किनारे 10 नावों समेत कई उपकरण जब्त किए गए थे. बीते महीने 15 जुलाई को अवैध रेत खनन के खिलाफ पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई थी. यह अभियान बारामूला के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में चलाया गया था.
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अवैध खनन गतिविधियों में प्रयुक्त ’10 नावें, 4 पानी के पंप, 2 ड्रेजर और 1 बोट पुशर’ जब्त किए थे. सभी उपकरणों को कब्जे में लेकर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की गई थी. अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए उपकरणों का उपयोग नदी की तलहटी से बड़े पैमाने पर रेत निकालने के लिए किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण और नदी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी.
23 जून को भी बारामूला में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी. रेत, बजरी और पत्थरों के अवैध उत्खनन में शामिल परिवहन को भी पुलिस ने जब्त किया था. बाबातेंग पट्टन के पास नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना वैध अनुमति के रेत/बजरी ले जा रहे 5 डंपर और 4 टिपर को जब्त किया था.
पुलिस ने नवान मोड क्रीरी के पास एक अलग ऑपरेशन में बिना जरूरी अनुमति के खनिज सामग्री ले जा रहे 1 डंपर और 2 टिपर को भी जब्त किया था. उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमएमडीआर अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई थी.
–
एसडी/पीएम