
कोलकाता, 29 अप्रैल . मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भाभी काजरी बनर्जी ने बुधवार को भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है.
कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 73 से तृणमूल कांग्रेस की पार्षद काजरी बनर्जी ने कहा कि रुझान साफ दिखा रहे हैं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव जीत रही हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को नतीजों का अंदाजा हो गया है, इसलिए वह अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.
से बातचीत में काजरी बनर्जी ने कहा कि शुरुआत से अब तक रुझान एक जैसे हैं और साफ है कि ममता बनर्जी जीत रही हैं.
इस बीच, दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट पर तैनात केंद्रीय बलों ने उग्र तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया. इसी सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला है.
तृणमूल कार्यकर्ता कालीघाट इलाके में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे. यह इलाका मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के काफी करीब है.
जैसे ही शुभेंदु अधिकारी कालीघाट स्थित जय हिंद भवन पहुंचे, काजरी बनर्जी समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गईं. प्रदर्शनकारियों ने शुभेंदु अधिकारी और उनके सहयोगियों को घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी. कुछ प्रदर्शनकारी उनकी ओर बढ़ते भी दिखाई दिए.
इस पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी से मेरा वोट प्रतिशत और बढ़ेगा. भवानीपुर सभ्य लोगों की जगह है. मेरा अनुमान है कि यहां 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान होगा. अगर ऐसा हुआ तो मेरी जीत तय है. अगर मतदान 90 प्रतिशत पार करता है तो मेरी जीत का अंतर और बढ़ जाएगा.
हालांकि, काजरी बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी के आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि जब मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, तब शुभेंदु अधिकारी वहां पहुंचे और लोगों को भड़काने लगे.
उन्होंने कहा, ”उन्हें अब समझ आ गया है कि नतीजा क्या आने वाला है, इसलिए वह इधर-उधर घूमकर वोट मांग रहे हैं. वह कुछ जगहों पर जानबूझकर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.”
काजरी बनर्जी ने आगे आरोप लगाया कि केंद्रीय बल भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, ”केंद्रीय बल ठीक तरीके से काम नहीं कर रहे. वे भाजपा के लिए काम कर रहे हैं. हमें केंद्रीय बलों से कोई उम्मीद नहीं है.”
–
एएमटी/एबीएम