
रांची, 27 अगस्त . झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपू को लोहरदगा से गिरफ्तार किया है. उससे पूछताछ कर रंगदारी मांगने वाले पूरे गिरोह और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, अशोक नगर निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से आरोपियों ने उनकी पैतृक जमीन खरीदने के बहाने संपर्क किया था. बातचीत के दौरान आरोपियों ने डॉक्टर से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग कर दी. रकम नहीं देने पर उन्हें लोहरदगा में गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी गई थी. धमकी मिलने के बाद डॉक्टर ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. उनकी लिखित शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. डॉ. सिन्हा ने पुलिस को बताया कि 29 जुलाई की रात उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल किए गए. रात में करीब 42 बार कॉल और मिस्ड कॉल आने के बाद उन्हें धमकी दी गई. लगातार फोन आने और पांच करोड़ रुपए की मांग के बाद डॉक्टर और उनके परिवार में दहशत का माहौल बन गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला.
मोबाइल नंबर की गतिविधियों और लोकेशन के आधार पर पुलिस को आरोपी के लोहरदगा में होने की जानकारी मिली. इसके बाद रांची पुलिस की टीम ने लोहरदगा में छापेमारी कर आरोपी दीपू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना किसने बनाई थी. आशंका है कि रंगदारी मांगने के पीछे एक संगठित गिरोह हो सकता है. फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है.
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
–
एसएनसी/डीकेपी