
मुंबई, 2 अगस्त . बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में जब भी किसी बेहतरीन, ऊर्जावान और हाजिर जवाब होस्ट या एंकर का जिक्र होता है तो सबसे पहला नाम मनीष पॉल का आता है. 3 अगस्त 1981 को जन्मे मनीष ने अपने बेहतरीन सेंस ऑफ ह्मयूमर, अनूठे अंदाज और मंच पर जबरदस्त मौजूदगी के दम एक नया मुकाम हासिल किया है. मनीष पॉल आज टीवी, फिल्मों और ओटीटी प्लेटफार्म पर अपना जादू बिखेर रहे हैं. आज भी बॉलीवुड या टीवी के अवार्ड शो या अन्य कोई बड़ा कार्यक्रम मनीष पॉल अपने अनोखे अंदाज में एंकरिंग करते हुए दिखते हैं.
मनीष पॉल का जन्म नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था. पॉल ने अपनी स्कूली शिक्षा अपीजय स्कूल से की. इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज से पर्यटन में बीए किया.
मनीष पॉल ने दिल्ली में एक होस्ट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी. शुरू में कुछ दिनों तक स्कूलों और कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एंकरिंग करते रहे. इसके बाद मुंबई चले गए और काम की तलाश में जुट गए. पॉल को 2002 में स्टार प्लस पर संडे टैंगो की मेजबानी करने का मौका मिला. मनीष, जी म्यूजिक के साथ एक वीजे भी रहे. रेडियो सिटी के मॉर्निंग ड्राइव टाइम शो ‘कसा काय मुंबई’ के साथ एक रेडियो जॉकी के तौर पर भी काम किया.
मनीष पॉल ने ‘राधा की बेटियां कुछ कर दिखाएंगी’, जिंदादिल, शश्श…फिर कोई है, लव गुरु के साथ, ‘व्हील घर घर में’, कहानी शुरू और कुछ कुक होता है, जैसे टीवी सीरियलों में काम किया है. हालांकि मनीष को इन धारावाहिकों से कुछ खास पहचान नहीं मिली है.
मनीष के करियर का असली ट्रनिंग प्वाइंट तब आया, जब उन्होंने रियलिटी शो की होस्टिंग शुरू की. सारेगामापा छोटे उस्ताद, डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स, नच बलिए, स्टार या रॉकस्टार (प्रतियोगी), झलक दिखला जा के कई सीजन को अपनी अनूठी कॉमिक टाइमिंग और ऊर्जा से जीवंत बना दिया. पॉल ने नेशनल ज्योग्राफिक पर साइंस ऑफ स्टुपिड की भी मेजबानी की है .
मनीष पॉल ने टीवी के अलावा फिल्मों में भी हाथ आजमाया. 2010 में आई ‘तीस मार खान’ में नजर आए थे. वहीं, 2013 में आई ‘मिकी वायरस’ फिल्म में पहली बार मनीष मुख्य किरदार में नजर आए. इसके बाद उन्होंने ‘तेरे बिन लादेन-2’ में मुख्य भूमिका निभाई थी. 2022 में ‘जुगजुग जियो’ में गुरप्रीत का किरदार निभाया, जिसे लोगों ने पसंद किया. 2023 में आई वेबसीरीज ‘रफूचक्कर’ में भी मनीष पॉल ने मुख्य भूमिका निभाई है.
मनीष पॉल की शादी 2007 में संयुक्ता पॉल से हुई, जो बंगाली हैं. वे स्कूल में मिले और 1998 के अंत में डेटिंग शुरू कर दी थी. जल्द ही, उनके परिवार एक-दूसरे को जान गए और आखिरकार उन्होंने शादी कर ली. उनकी एक बेटी है, जिसका जन्म 2011 में हुआ और एक बेटा है, जिसका जन्म 2016 में हुआ. मनीष ने 2011 में डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स के लिए सर्वश्रेष्ठ एंकर का पुरस्कार जीता था.
–
ओपी/वीसी