
नई दिल्ली, 16 जुलाई . श्री जगन्नाथ की रथयात्रा के शुभारंभ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने शुभकामनाएं दी हैं. राष्ट्रपति ने प्रार्थना की कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ की कृपा से देश और देशवासियों की सुख-समृद्धि में निरंतर वृद्धि होती रहे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “महाप्रभु की रथयात्रा के पावन अवसर पर मैं देश-विदेश में श्री जगन्नाथ के सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं. लोकमान्यता है कि इस पवित्र यात्रा की महान परंपरा के दौरान चक्रराज सुदर्शन, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा सहित महाप्रभु श्री जगन्नाथ भक्तों से मिलते हैं. भक्तों और भगवान के मिलन का यह भावपूर्ण अवसर अद्वितीय होता है. मेरी प्रार्थना है कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ की कृपा से हमारे देश और देशवासियों की सुख-समृद्धि में निरंतर वृद्धि होती रहे. जय जगन्नाथ.”
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट किया, “नीलाचल निवासाय नित्याय परमात्मने. बलभद्र सुभद्राभ्यां जगन्नाथाय ते नमः.”
उन्होंने आगे लिखा, “भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा के शुभारंभ की सभी देशवासियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं. महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी, भगवान बलभद्र और देवी मां सुभद्रा की कृपा सभी पर अनवरत बरसती रहे, हर घर-आंगन धन-धान्य से भरा रहे, सबके जीवन में अपार सुख, समृद्धि और आनंद हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हो, यही प्रार्थना है.”
केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने पोस्ट किया, “महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा के शुभारंभ की सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी मां सुभद्रा की कृपा सभी पर अनवरत बरसती रहे. हर घर-आंगन सुख, समृद्धि, खुशहाली व आनंद से भरा रहे. सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हो, यही प्रार्थना है.”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “सनातन संस्कृति की अगाध आस्था, सामाजिक समरसता व लोकमंगल की पावन प्रतीक, महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की ‘रथ यात्रा’ के शुभारंभ की सभी श्रद्धालुओं को हृदय से बधाई और शुभकामनाएं. महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी, श्री बलभद्र जी और माता सुभद्रा जी की कृपा-दृष्टि चराचर जगत पर बनी रहे, सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है.”
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, “समस्त श्रद्धालुओं को आस्था, भक्ति और श्रद्धा के दिव्य आलोक से आलोकित महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. यह पावन रथ यात्रा समरसता, सेवा, सद्भाव और लोकमंगल की भावना का पावन प्रतीक है. महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की प्रार्थना करता हूं.”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, “महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य का संचार हो. यह पावन यात्रा हम सभी के जीवन में श्रद्धा, सेवा, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करे, यही मंगलकामना है.”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, “महाप्रभु श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के शुभारंभ पर सभी श्रद्धालुओं और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. महाप्रभु की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल का वास हो. यह पवित्र यात्रा हमें सेवा, समरसता और लोककल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहे.”
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. आस्था, सेवा और लोककल्याण का यह महापर्व समाज को एकता, अपनत्व और श्रद्धा के सूत्र में जोड़ता है. प्रभु श्री जगन्नाथ, बलभद्र जी और माता सुभद्रा की असीम कृपा से प्रत्येक परिवार सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि से परिपूर्ण हो, यही मंगलकामना है.”
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पोस्ट किया, “महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई और मंगलमय शुभकामनाएं. प्रभु श्री जगन्नाथ जी की असीम कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का वास हो. यह पावन पर्व हम सभी के जीवन में श्रद्धा, सेवा और सद्भाव का संचार करे.”
–
डीसीएच/