‘हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमा’, उधम सिंह के बलिदान दिवस पर अमित शाह समेत कई नेताओं ने किया नमन

नई दिल्ली, 31 जुलाई . महान क्रांतिकारी शहीद सरदार उधम सिंह के 87वें बलिदान दिवस पर पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है. इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उधम सिंह को श्रद्धांजलि दी है. शाह ने कहा कि स्वाधीनता के लिए हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमने वाले शहीद उधम सिंह का जीवन धैर्य, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का अप्रतिम उदाहरण है.

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “अमर शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर उनके चरणों में नमन करता हूं. अद्वितीय साहस व पराक्रम के प्रतीक उधम सिंह जी ने जलियांवाला बाग नरसंहार में शहीद हुए देशवासियों का लंदन में प्रतिशोध लेकर अंग्रेजी हुकूमत को दहशत में लाने का काम किया. साथ ही, गदर पार्टी के माध्यम से उन्होंने विदेशों में रह रहे भारतीयों के मन में आजादी की अलख जगाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई. स्वाधीनता के लिए हंसते-हंसते फांसी का फंदा चूमने वाले शहीद उधम सिंह का जीवन धैर्य, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का अप्रतिम उदाहरण है.”

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पोस्ट में लिखा, “मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि. देश की आजादी के लिए उन्होंने जिस पराक्रम, शौर्य और वीरता का परिचय दिया, वह सदियों तक मां भारती की सेवा के लिए अनुकरणीय रहेगा.”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पोस्ट किया, “अमर क्रांतिकारी, अदम्य साहस और अद्वितीय राष्ट्रभक्ति के प्रतीक सरदार उधम सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. जलियांवाला बाग नरसंहार का प्रतिशोध लेकर उन्होंने भारत के स्वाभिमान, साहस और न्याय के संकल्प को विश्व के सामने स्थापित किया. उनका त्याग, पराक्रम और बलिदान राष्ट्र को सदैव प्रेरित करता रहेगा.”

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने भी शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन किया. उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “शहीद उधम सिंह का अदम्य साहस, अटूट राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के सम्मान के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास का अमर अध्याय है. राष्ट्र उनकी वीरता और त्याग का सदैव कृतज्ञ रहेगा व आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और स्वाभिमान के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा.”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उधम सिंह के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन करते हुए लिखा, “जलियांवाला बाग नरसंहार के निर्दोष शहीदों को न्याय दिलाने का उनका अद्वितीय संकल्प, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा. उनका बलिदानी जीवन प्रत्येक भारतवासी को राष्ट्रसेवा, साहस और देशभक्ति के मार्ग की ओर प्रेरित करता रहेगा.”

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. जलियांवाला बाग नरसंहार के निर्दोष शहीदों को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने अदम्य साहस, धैर्य और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अपना सर्वस्व राष्ट्र को समर्पित कर दिया.”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “मां भारती की आन, बान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले अमर क्रांतिकारी, अदम्य साहस और अद्वितीय राष्ट्रभक्ति के प्रतीक शहीद सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर शत-शत नमन. आपका अतुलनीय त्याग, अडिग संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा.”

डीसीएच/