पूर्व राज्यपाल डॉ. डीवाई पाटिल के निधन पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

नई दिल्ली, 4 अगस्त . महाराष्ट्र के प्रसिद्ध शिक्षाविद, समाजसेवी और पूर्व राज्यपाल पद्मश्री डॉ. डीवाई पाटिल के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है. उन्होंने मंगलवार को कोल्हापुर में अंतिम सांस ली. उनके निधन पर पीएम मोदी ने गहरा दुख जताया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर लिखा कि डॉ. डीवाई पाटिल शिक्षा और समाज सेवा के जरिए लोगों की सेवा में हमेशा आगे रहे. उन्होंने खासकर गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम किया. उनके निधन से दुख हुआ है. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं. ओम शांति.

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल और डीवाई पाटिल ग्रुप के संस्थापक डॉ. पाटिल का निधन दुखद है. सार्वजनिक सेवा, शिक्षा और देश निर्माण में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार और लाखों अनुयायियों के साथ हैं.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डॉ. पाटिल ने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित कर दिया. शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने जो संस्थान बनाए, उससे पीढ़ियों के युवाओं का जीवन बेहतर हुआ. देश पर उनकी छाप हमेशा रहेगी.

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद पंकज चौधरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “पूर्व राज्यपाल, वरिष्ठ राजनेता एवं शिक्षाविद पद्म श्री डॉ. डीवाई पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. महाराष्ट्र के राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक जगत में उनका अतुलनीय योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें.”

बता दें कि कोल्हापुर के कस्बा बावड़ा स्थित डॉ. डीवाई पाटिल के निवास पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. राजनीतिक नेता, शिक्षाविद, समाजसेवी और आम नागरिक वहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

वीकेयू/पीएम