
नोएडा, 24 अक्टूबर . नोएडा में थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर मंदिर के पीछे खाने-पीने की दुकानों में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में चार से अधिक दुकानें आने की सूचना है. बताया जा रहा है कि दुकानों में आग लगने के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट भी हुआ, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर मंदिर के पीछे खाने-पीने की कई दुकानें संचालित हैं. शनिवार को इन दुकानों में अचानक आग लग गई. आग ने देखते ही देखते आसपास की चार से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. दुकानों में रखे सामान और खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडरों के कारण आग की स्थिति गंभीर होने की आशंका जताई गई. इसी दौरान सिलेंडर ब्लास्ट होने की सूचना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटने लगी. आग की लपटों और सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल लोगों को घटनास्थल से पीछे हटाना शुरू कर दिया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो और राहत एवं बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न न हो. पुलिस द्वारा आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के लिए कहा गया. थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस बल मौके पर मौजूद है.ॉ
पुलिसकर्मी घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को आग से प्रभावित क्षेत्र से दूर करने में जुटे हैं. आग लगने के कारण आसपास की दुकानों और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है. खाने-पीने की दुकानों में गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई है.
ऐसे में घटनास्थल पर भीड़ को नियंत्रित करना और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना प्राथमिकता है. फिलहाल, आग लगने के वास्तविक कारणों, दुकानों को हुए नुकसान और किसी के हताहत होने के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.
–
पीकेटी/पीएम