
नोएडा, 16 मई . नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में स्थित एक गारमेंट्स कंपनी में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की तीन इमारतें इसकी चपेट में आ गईं. आग की ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियों को मौके पर लगाया गया. फायर कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं. वहीं पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले एक गारमेंट्स कंपनी में लगी, लेकिन कुछ ही देर में उसने पास की अन्य इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग तेजी से फैलने के कारण आसपास की बिल्डिंगों को तत्काल खाली कराया गया. पुलिस और प्रशासन की टीम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी रही, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सके. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से आग लगी हो सकती है, हालांकि फायर विभाग की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा. राहत की बात यह रही कि समय रहते कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के चलते पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की है ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
–
पीकेटी/पीएम