
त्रिशूली (नेपाल), 4 सितंबर . नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत की ओर से जारी मदद और राहत के लिए नेपाल की बिदुर नगर पालिका के महापौर राजन श्रेष्ठ ने आभार जताया. उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से ही नेपाल का सच्चा मित्र रहा है. प्रधानमंत्री मोदी हमेशा नेपाल की जनता और उसके हितों के पक्ष में खड़े रहे हैं.
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारत ने भूकंप के दौरान सहायता प्रदान की, उसी प्रकार प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार इस प्राकृतिक आपदा के समय राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता भेज रहे हैं.
महापौर ने बताया कि 26 अगस्त का वो भयानक दिन हम कभी नहीं भूल पाएंगे. हमने ऐसा भयानक दृश्य पहले कभी नहीं देखा. हमारे देश में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. अचानक आई इस जल आपदा ने नेपाल को बहुत बड़ी क्षति पहुंचाई है. इस त्रासदी में कितनी जानें गईं हैं, इसका कोई अनुमान नहीं लगा सकता. अभी तक हजारों की संख्या में शव बरामद हुए हैं. अनुमान है कि मरने वालों की संख्या इससे कहीं ज्यादा होगी.
विदुर नगर पालिका का क्षेत्र भी इस आपदा का शिकार हुआ है. विदुर नगरपालिका में 13 वार्ड हैं, जिनमें से दस वार्ड बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. इस आपदा के चलते हमारी नगर पालिका की करीब पांच हजार की जनता प्रभावित हुई है. पांच सौ से ज्यादा लोग लापता हैं.
यह हमारे लिए बहुत ही दुख की घड़ी है. सरकार और प्रशासन की ओर से लगातार लोगों तक राहत पहुंचाई जा रही है. हमार लक्ष्य है कि जल्द से जल्द लोगों के पुनर्वास की तैयारी की जाए. इसके लिए हमारी प्लानिंग चल रही है. हमारे यहां बड़ी संख्या में होल्डिंग सेंटर हैं. प्रभावित लोगों को अभी इन्हीं होल्डिंग सेंटर में रखा गया है.
भारत हमारा शुरू से ही एक सच्चा मित्र देश है. भारत के प्रधानमंत्री मोदी हमेशा ही नेपाल और नेपाल की जनता के हित की बात करते हैं. भूकंप के समय में भी भारत ने नेपाल का बहुत सहयोग किया था. ठीक उसी तरह इस प्राकृतिक आपदा के समय भी भारत लगातार सहयोग और राहत भेज रहा है.
पीड़ितों की मदद के साथ ही भारत की ओर से आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पुनर्स्थापना के लिए मदद की जा रही है. बिदुर नगर निगम के साथ-साथ नुवाकोट और रसुवा की ओर से हम पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए दीर्घकालिक समर्थन की आशा करते हैं. एक असल मित्र राष्ट्र के तौर पर भारत सदैव ही नेपाल के साथ खड़ा होता है. इसके लिए हम प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता और आभार व्यक्त करते हैं.
–
एवाई/पीएम