बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप: 3 बच्चों ने गंवाई जान, मृतकों की संख्या 740 के पार

ढाका: बांग्लादेश में खसरे के मामलों के बढ़ने का क्रम जारी है. सोमवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में तीन और बच्चों की मौत हो गई, जिनमें खसरा संक्रमण के लक्षण पाए गए. इसके साथ ही देश में खसरे से जुड़ी कुल मौतों का आंकड़ा 741 तक पहुंच गया है. स्थानीय मीडिया आउटलेट्स और समाचार एजेंसियों ने इसकी जानकारी दी.

स्वास्थ्य महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने इन्हें संदिग्ध वर्ग में डाला है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 648 बच्चों ने खसरे से मिलते-जुलते लक्षणों की वजह से जान गंवाई, जबकि 93 की लैब टेस्ट में खसरे की पुष्टि हुई.

यूएनबी न्यूज एजेंसी के अनुसार, ताजा रिपोर्ट में 24 घंटे के भीतर 947 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिससे देशभर में संदिग्ध मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,06,565 हो गई है. वहीं 159 ऐसे मामले भी दर्ज हुए जिन्हें खसरा होने की पुष्टि की गई है, जिससे कुल लैब-कन्फर्म केस 12,791 तक पहुंच गए हैं.

ढाका ट्रिब्यून ने स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के हवाले से बताया कि 15 मार्च के बाद से अब तक 89,734 संदिग्ध मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिनमें से 86,062 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं.

बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है और अधिकारियों ने निगरानी व टीकाकरण अभियान तेज करने की बात कही है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, खसरे और खसरे के मिलते जुलते लक्षणों वाले संक्रमित बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यह स्थिति तब है, जब मई में 1.84 करोड़ बच्चों को टीका लगाने का अभियान चलाया गया था.

जून में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा था कि कुछ क्षेत्रों में टीकाकरण कवरेज में कमी, संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के उपायों का कमजोर क्रियान्वयन तथा निगरानी की कमी के कारण संक्रमण लगातार फैल रहा है. उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि डेंगू का मौसम शुरू होने से पहले से खसरे से संक्रमित बच्चों में गंभीर जटिलताओं का खतरा और बढ़ सकता है.

केआर/