जम्मू-कश्मीर बैंक भर्ती में आयु सीमा निर्धारण पर मेहराज मलिक ने उठाए सवाल

जम्मू, 9 नवंबर . जम्मू-कश्मीर बैंक भर्ती में निर्धारित अधिकतम आयु सीमा को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मेहराज मलिक ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में तय की गई आयु सीमा और शैक्षणिक पात्रता के नियमों के कारण बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा अवसरों से वंचित हो रहे हैं.

मेहराज मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर बैंक भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है. उन्होंने सवाल किया कि 30 वर्ष से अधिक आयु के वे युवा कहां जाएंगे, जिन्हें पर्याप्त रोजगार अवसर नहीं मिल सके हैं.

उन्होंने कहा कि इससे पहले मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) भर्ती में अधिकतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं तक सीमित कर दी गई थी, जिसके कारण स्नातक अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया से बाहर हो गए. अब बैंक भर्ती में आयु सीमा लागू होने से बड़ी संख्या में स्नातक युवा भी प्रभावित होंगे.

आप विधायक ने कहा कि लगातार ऐसे फैसलों से यह सवाल खड़ा हो रहा है कि जम्मू-कश्मीर के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर किस दिशा में जा रहे हैं. उन्होंने सरकार से पूछा कि वह किस प्रकार की नीतियां बना रही है, जो युवाओं की भागीदारी को सीमित कर रही हैं.

मेहराज मलिक ने मांग की कि जम्मू-कश्मीर बैंक भर्ती में आयु सीमा और अधिकतम शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रतिबंधों पर पुनर्विचार किया जाए. उनका कहना है कि इन शर्तों को हटाकर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए.

इससे पहले, जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेएसकेए) ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखकर जम्मू-कश्मीर बैंक की प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) और बैंकिंग एसोसिएट्स की हालिया भर्ती अधिसूचना में तय की गई अधिकतम आयु सीमा पर गहरी चिंता जताई है.

एसोसिएशन ने उपराज्यपाल से आग्रह किया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और जम्मू-कश्मीर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के व्यापक हित में जम्मू-कश्मीर बैंक प्रबंधन तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ इस विषय पर चर्चा करें.

–

एएसएच/डीकेपी