मंत्री दानिश आजाद का अखिलेश यादव पर निशाना, बोले- सपा-कांग्रेस का गठबंधन निजी स्वार्थ के लिए

लखनऊ, 2 सितंबर . उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश अंसारी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने एसआईआर, समाजवादी पार्टी के चुनाव अभियान और देश की जीडीपी ग्रोथ को लेकर अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार किया.

मंत्री दानिश अंसारी ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का रिश्ता अवसरवाद का है. उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एक-दूसरे की आलोचना और आरोप-प्रत्यारोप करती रहती हैं, लेकिन जब उन्हें सत्ता का मौका दिखता है तो वे साथ आ जाते हैं. समाजवादी पार्टी को पहले यह साफ करना चाहिए कि वह कांग्रेस के साथ है या उसके खिलाफ. अगर उनका मकसद राज्य का विकास है तो उन्हें अपना रुख साफ करना चाहिए.”

उन्होंने आगे कहा, “उनका गठबंधन निजी राजनीतिक हितों से प्रेरित लगता है, लेकिन जनता समाजवादी पार्टी के असली इरादों को जानती है और उनकी चालों से गुमराह नहीं होगी. कांग्रेस और सपा को अपना स्टैंड साफ करना चाहिए. उनकी एकजुटता के पीछे का मकसद प्रदेश का विकास तो कतई नहीं है. वे केवल अपने निजी राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए एक साथ होने का दिखावा कर रहे हैं, जैसा दिखावा उन्होंने आम गरीबों के साथ किया. जनता सपा के असली चेहरे को जानती है.”

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी अभी से अपनी हार की जमीन तैयार कर रही है. उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी 2027 में अपनी हार की जमीन तैयार कर रही है. यही रणनीति बिहार और पश्चिम बंगाल में भी अपनाई गई थी. लोग अब समाजवादी पार्टी पर भरोसा नहीं करते क्योंकि जब वह सत्ता में थी, तो उसने लोगों के लिए काम करने के बजाय अपने फायदे के लिए अपनी सत्ता का गलत इस्तेमाल किया.”

उन्होंने सपा के 2012 से 2017 के शासनकाल पर हमला बोलते हुए कहा, “प्रदेश और जनता को गुमराही के रास्ते पर धकेलने की साजिश समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में की थी, जिसका दंड जनता ने उन्हें दिया और 2017 में उन्हें सत्ता से बेदखल किया. सपा जानती है कि 2027 चुनाव में उनकी दाल गलने वाली नहीं है, इसलिए वो तमाम बयानबाजी और बहानेबाजी कर रहे हैं, जो उनकी चुनावी हताशा को दिखाता है.”

वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी 7.8 प्रतिशत रहने पर मंत्री दानिश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की. उन्होंने कहा, “2014 के बाद पीएम मोदी के हाथों में जब देश की कमान आई, तो पीएम मोदी ने पूरी ईमानदारी से देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने का काम किया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया. उन्होंने देश की क्षमताओं को पहचान कर देश के विकास के लिए काम किया. देश के उद्योगों को बढ़ावा देने, नौजवानों के उत्थान और किसानों के हितों के लिए काम किया. पीएम मोदी ने लगातार देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का काम किया है.”

एससीएच/डीकेपी