
नई दिल्ली, 17 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने गुरुवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में जरूरतमंद श्रमिक भाइयों को साइकिलें वितरित कीं.
मंत्री प्रवेश वर्मा ने सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और मोची समाज के मेहनतकश साथियों को साइकिल देकर उनके अथक परिश्रम और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त किया. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज पूरा देश इस दिन को बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मना रहा है.
प्रवेश वर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “आज देश के लोग इस दिन को बहुत खुशी के साथ मना रहे हैं. हमारे देश में एक ऐसे व्यक्ति का जन्म हुआ, जिन्होंने देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है. आज हमारे सभी किसान, युवा और देशवासी आर्थिक रूप से तरक्की कर रहे हैं. हम उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं, ताकि वे देश की सेवा करते रहें.”
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जरूरतमंद भाइयों को साइकिल वितरित की गई है. समाज की महिलाओं के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. कोई ब्लड डोनेट कर रहा है, कोई कपड़े बांट रहा है, तो कोई स्कूल के बच्चों को किताबें और पेंसिल दे रहा है. हर कोई अपनी क्षमता के अनुसार सेवा के कार्य कर रहा है.
मंत्री ने कहा, “सरकार विकास के लिए बड़े-बड़े कार्य करती है, लेकिन अब यह देखकर भी अच्छा लग रहा है कि सभी देशवासी अपनी क्षमता के अनुसार विशेष कार्य कर रहे हैं. हम पीएम मोदी का जन्मदिन विशेष तरह से मना रहे हैं.”
इस मौके पर प्रवेश वर्मा ने विपक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “विपक्ष का काम है कि सरकार जो भी काम करे, उसमें कमियां निकालना. अगर कोई कमी न हो तो उसमें भी कमियां निकाली जाती हैं, लेकिन सेवा के जितने भी काम हो रहे हैं, उसमें विपक्ष के लोगों को भी फायदा मिल रहा है, चाहे कांग्रेस हो, समाजवादी पार्टी हो या सीपीआई, सीपीआईएम हो. सभी को फायदा मिलता है. सबका साथ, सबका विकास ही हमारे प्रधानमंत्री का नारा है. भगवान विपक्ष को सद्बुद्धि दे, क्योंकि प्रधानमंत्री किसी एक वर्ग के नहीं बल्कि सभी के होते हैं.”
इससे पहले प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में हमारे मेहनतकश श्रमिक भाई सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों एवं मोची समाज के साथियों को साइकिलें वितरित कर उनके अथक परिश्रम और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त किया. प्रधानमंत्री ने सदैव श्रमिक भाई-बहनों के श्रम, सम्मान और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. उनका मानना है कि देश की प्रगति में हमारे श्रमिक साथियों का योगदान अमूल्य है.”
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी को बधाई देते हुए लिखा था, “वडनगर से विश्व मंच तक… यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के संकल्प की 25 वर्षों की गौरवगाथा है. सादगी, संघर्ष और अटूट समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानसेवक तक का सफर तय किया और भारत की विकास यात्रा को नई गति दी. सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र के साथ नए भारत के निर्माण में उनका योगदान करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है.”
–
एससीएच/डीकेपी