
पटना, 30 अगस्त . बिहार सरकार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री और महुआ से विधायक संजय कुमार सिंह ने तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है. नोटिस में आरोप लगाया गया है कि तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से मंत्री के खिलाफ झूठे, भ्रामक और मानहानिकारक आरोप लगाए हैं.
कानूनी नोटिस के अनुसार, 29 अगस्त को तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें दिल्ली के एक होटल में एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार और करीब 25 लाख रुपए के कथित लेन-देन से जुड़े आरोप लगाए गए थे.
संजय कुमार सिंह की ओर से भेजे गए नोटिस में इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद, दुर्भावनापूर्ण और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है. नोटिस में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित पोस्ट के साथ एक कथित मॉर्फ्ड या फर्जी तस्वीर भी प्रसारित की गई, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.
मंत्री की ओर से तेज प्रताप यादव से मांग की गई है कि वे सात दिनों के भीतर संबंधित पोस्ट को हटाएं, सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें, तथा भविष्य में इस प्रकार की टिप्पणी दोबारा न करने का लिखित आश्वासन दें.
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय के भीतर मांगों का पालन नहीं किया गया तो उनके खिलाफ सिविल और आपराधिक कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी.
संजय कुमार सिंह ने कथित मानहानि से हुई प्रतिष्ठागत क्षति का हवाला देते हुए 50 करोड़ रुपए के हर्जाने की भी मांग की है.
नोटिस में 30 अगस्त को तेज प्रताप यादव द्वारा प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी उल्लेख किया गया है. इसमें उन्हें चेतावनी दी गई है कि वे उक्त आरोपों को सार्वजनिक मंच से दोहराने से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई को और आगे बढ़ाया जा सकता है.
इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. फिलहाल, तेज प्रताप यादव की ओर से इस नोटिस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
–
एएमटी/डीकेपी