योग को जन-जन तक पहुंचाने की पहल, आयुष मंत्रालय ने ऑनलाइन सेशन में बनाया रिकॉर्ड का लक्ष्य

नई दिल्ली, 14 जून . अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले आयुष मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से देशव्यापी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश के तहत ऑनलाइन योग सेशन में हिस्सा लिया गया. इस पहल में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव भी शामिल हुए.

इस दौरान आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटेचा ने कहा कि इस साल के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग है. इसी के अनुसार हम योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. मंत्री प्रताप जाधव के नेतृत्व में इस दिशा में कई कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि योग को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से एक है योग 365. इसका मतलब साल के 365 दिन योग करना है. इसके तहत गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की जा रही है.

उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर मुफ्त योग प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. इसमें लाखों लोग इस कार्यक्रम से जुड़े. हमारी कोशिश गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और स्वस्थ विश्व पर हम सब का ध्यान है. इसके लिए हम लोग एकत्रित हुए हैं. आज के कार्यक्रम में आए सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं. इन लोगों ने बहुत बड़े संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है.

सचिव राजेश कोटेचा ने आगे कहा कि इस कार्यक्रम के लिए इंस्ट्रूमेंटल टीम का विशेष धन्यवाद करता हूं. उन्होंने कहा कि इसमें संख्या का ही महत्व नहीं है; हमारी ओर से विश्व भर में संदेश भेजने की कोशिश की जा रही है कि योग हमारे जीवन में कितना उपयोगी है और हम लोगों को 365 दिन योग करना चाहिए.

उन्होंने आगे कहा कि 21 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कोलकाता में प्रमुख योग कार्यक्रम को लीड किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर आप प्रत्यक्ष रूप से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाते हैं तो वर्चुअली रूप से जुड़ें और प्रधानमंत्री के साथ योग करें. उनके साथ योगी की तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करें.

एसडी/वीसी