मिजोरम: नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की हेरोइन बरामद, कई गिरफ्तार

आइजोल, 29 अप्रैल . मिजोरम पुलिस ने राज्यभर में नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है. अब तक इस कार्रवाई के दौरान तीन करोड़ से ज्यादा की हेरोइन जब्त की गई है और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. ये सभी लोग सीमा पार से जुड़े तस्करी में संलिप्त बताए जा रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक, सबसे पहली कार्रवाई 26 अप्रैल को की गई थी. तब 95.8 लाख की कीमत वाली 480 ग्राम हेरोइन बरामद की थी और असम के सुल्तान अहमद लस्कर (35) को भी गिरफ्तार किया था. इससे एक दिन पहले पुलिस ने इसी तरह की कार्रवाई में अब्दुल सोलम बरभुइया (27) को भी गिरफ्तार किया था. पुलिस ने इसके पास से 69.2 लाख रुपए की कीमत वाली 479 ग्राम हेरोइन जब्त की थी.

जानकारी के मुताबिक, इससे पहले 24 अप्रैल को पुलिस ने 61.6 लाख रुपए की कीमत वाली 308 ग्राम हेरोइन बरामद की थी. पुलिस ने थांगरोखावली (42) को भी गिरफ्तार किया था. इसके बाद पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार किए गए इन सभी लोगों में मुख्य रूप से म्यांमार से जुड़ा एक सप्लायर और आइजोल में हेरोइन लेने वाला एक स्थानीय व्यक्ति शामिल था. उसी दिन पुलिस ने 4.4 लाख की कीमत वाली 22 ग्राम हेरोइन जब्त की थी और दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया था.

उधर, 24 अप्रैल को पुलिस ने नगोपा में 70.2 लाख की कीमत वाली 351 ग्राम हेरोइन और 21 अप्रैल को आइजोल में बरामद की थी. पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान अब तक जितने भी लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनसे इस बारे में विस्तार से पूछताछ की जा रही है.

साथ ही, पुलिस ने बताया कि अभी तक नशे की तस्करी के मामले में जो भी कार्रवाई की गई है, उससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि मिजोरम मौजूदा समय में नशे की तस्करी के लिए आम रास्ता बना हुआ है. ऐसी स्थिति में हमारे लिए यह जरूरी हो जाता है कि हम राज्य में नशे की तस्करी को पूरी तरह से खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाए.

पुलिस ने कहा कि हम राज्यभर में नशे की तस्करी को पूरी तरह से खत्म करके ही दम लेंगे. इस दिशा में हमने पूरी रूपरेखा निर्धारित कर ली है, उसी के अनुरूप हम मौजूदा समय में काम कर रहे हैं.

एमएस/