
नई दिल्ली, 2 मई . शुक्रवार को आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का मुकाबला खेला गया. दिल्ली कैपिटल्स ने 226 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल किया और राजस्थान को 7 विकेट से हराया. दिल्ली की जीत में सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका के विस्फोटक अर्धशतक का अहम योगदान रहा. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा है कि निसांका की पारी उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी.
मोहम्मद कैफ ने जियोहॉटस्टार पर कहा, “पाथुम निसांका को 62 रन की पारी काफी आत्मविश्वास देगी. टूर्नामेंट की शुरुआत में, वह अच्छी शुरुआत तो कर रहे थे, लेकिन उसे बड़ी पारी में बदल नहीं पा रहे थे. जब आपकी टीम में कोई अंतरराष्ट्रीय ओपनर होता है, तो आप उनसे बड़ी पारी खेलने की उम्मीद करते हैं. राजस्थान के खिलाफ यह मैच निसांका के लिए अच्छा प्रदर्शन करने का सही समय था. निसांका सीजन में बेहद खतरनाक दिखे और जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर जैसे गेंदबाजों पर हावी रहे.”
कैफ ने कहा, “आर्चर और बर्गर आमतौर पर विरोधी बल्लेबाजों पर शुरुआत में ही दबाव डाल देते हैं, लेकिन दिल्ली के ओपनर्स ने ऐसा नहीं होने दिया. उन्होंने पावर प्ले में एक मजबूत स्कोर बनाया, जिसने लक्ष्य का पीछा करने की दिशा तय की. वह ओपनिंग पार्टनरशिप ही मुख्य कारण थी कि दिल्ली ने सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा किया.”
कैफ ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों पर 33 रन की पारी खेलने वाले नितीश राणा की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि नितीश ने स्पिन के खिलाफ शानदार स्किल दिखाई. वह मैदान में उतरे और रवींद्र जडेजा का सामना किया, आसानी से छक्के मारे. उन्होंने पहली गेंद से ही अटैक किया और अपनी अच्छी फॉर्म का पूरा इस्तेमाल किया. उनकी तेज पारी ने मोमेंटम बदल दिया. दिल्ली ने पारी के मध्यओवरों में जो दबदबा बनाया, उसमें राणा का योगदान अहम था. राणा सालों से ऐसा कर रहे हैं. पंजाब किंग्स के खिलाफ बेशक दिल्ली हार गई, लेकिन उनकी 91 रन की पारी शानदार थी. उनका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है और वह अच्छी पारियां खेल रहे हैं.
आरआर द्वारा दिए 226 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाथुम निसांका और केएल राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स को मजबूत और विस्फोटक शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 110 रन जोड़े. इसी साझेदारी की बदौलत डीसी 19.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 226 रन बना सकी. निसांका ने 33 गेंदों पर 62, जबकि केएल राहुल ने 40 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली.
–
पीएके