
मुंबई, 21 जुलाई . मुंबई के दादर स्थित चैत्यभूमि परिसर में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ मुंबई के माहिम और शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, आयोजक और 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया गया. इसके बाद अब उन्हें जांच के लिए नोटिस भी जारी किया गया है.
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी और उस समय क्षेत्र में निषेधाज्ञा (जमावबंदी) लागू थी. इसके बावजूद भी छात्रों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया.
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में महिम पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 189(3), 189(5), 223 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर जारी अपने विरोध प्रदर्शन को तेज करने का ऐलान करते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने से बातचीत में दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और शांतिपूर्ण आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया.
उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई की उन्हें पहले कभी उम्मीद नहीं थी. उनका आरोप है कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग करने के निर्देश दिए गए थे.
सरकार के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए रांका ने कहा कि वार्ता करीब पांच घंटे तक चली लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला. उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में बातचीत करना चाहती है, तो उसे प्रदर्शन स्थल पर आकर प्रदर्शनकारियों से संवाद करना चाहिए.
–
एसएचके/पीएम