
मुंबई, 3 नवंबर . बॉलीवुड सितारों को हाल ही में मिली धमकियों और सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शिवसेना ने मंगलवार को कहा कि मुंबई पूरी तरह सुरक्षित है. महाराष्ट्र और देश की कानून-व्यवस्था केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों में है. सरकार की जिम्मेदारी है कि मुंबई के हर नागरिक को सुरक्षा दी जाए और अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
दरअसल, हाल के दिनों में बॉलीवुड की कई हस्तियों को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई हैं. रविवार को अभिनेता अमिताभ बच्चन अपने जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ के बाहर जमा फैंस का अभिवादन बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से करते नजर आए.
बताया जा रहा है कि यह कदम अमिताभ बच्चन के घर पर हमले की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद उठाया गया.
वहीं, अभिनेता तुषार कपूर को भी 5 करोड़ रुपए की फिरौती के लिए ऑडियो भेजा गया था. ऑडियो भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था. इस मामले की जांच जारी है.
इस पूरे मामले पर शिवसेना नेता आनंद दुबे ने से बातचीत में कहा कि मुंबई पूरी तरह सुरक्षित है. महाराष्ट्र और देश की कानून-व्यवस्था केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों में है. जो भी अशांति फैलाने या अपराध करने की हिम्मत करेगा, उसे पकड़कर जेल में डाला जाएगा. उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मुंबई के हर नागरिक को सुरक्षा देना हमारी सरकार का कर्तव्य और जिम्मेदारी है. तुषार कपूर को मिली धमकी की पुलिस जांच कर रही है.”
वहीं, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने भी मुंबई पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस सभी नागरिकों की सुरक्षा करने में सक्षम है. इसमें अमिताभ बच्चन जैसी बड़ी हस्तियां भी शामिल हैं.
शाइना एनसी ने कहा, ”मुंबई पुलिस हमारे सभी नागरिकों की सुरक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है. अमिताभ बच्चन सेलिब्रिटी हैं. दुनियाभर में वीवीआईपी सुरक्षा के लिए एक तय प्रोटोकॉल होता है. अगर अधिकारियों को किसी तरह का खतरा महसूस होता है, तो घर के बाहर तैनात मुंबई पुलिस के जवान और निजी सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सुरक्षा के उपाय सुझाते हैं. इसका मकसद सुरक्षा को पूरी तरह पुख्ता करना होता है.”
उन्होंने आगे कहा कि ट्रांसपेरेंट बुलेटप्रूफ ग्लास लगाना हो या सुरक्षा से जुड़ा कोई दूसरा इंतजाम, अधिकारियों को जो भी उचित लगता है, वह सभी की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाता है. ऐसे कदम उठाना हर किसी के हित में है.
–
पीके/एबीएम