
मुंबई, 10 अगस्त . मुंबई पुलिस ने ऐन वक्त पर पहुंचकर एक व्यक्ति को आत्महत्या करने से बचा लिया. पत्नी से विवाद होने के बाद वह आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था. इलाज के बाद पुलिस ने व्यक्ति को उसके परिजनों को सौंप दिया है.
वर्सोवा पुलिस को पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से एक व्यक्ति के आत्महत्या की कोशिश करने की जानकारी मिली थी. यह जानकारी आत्महत्या की कोशिश कर रहे व्यक्ति के पड़ोसी ने दी थी. जानकारी मिलते ही 5 मिनट में वर्सोवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़कर 40 वर्षीय के आत्महत्या के प्रयास को नाकाम कर दिया.
पुलिस ने व्यक्ति को फंदे से उतारा तो वह बेहोश था. इसके बाद उसे सीपीआर दिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया. वर्सोवा पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति के बीच घरेलू मुद्दे पर बहस हुई थी. इसके बाद पति ने आत्महत्या करने की कोशिश की. एक पड़ोसी से कॉल मिली और हमारी टीम 5 मिनट में मौके पर पहुंच गई. टीम ने व्यक्ति को आत्महत्या करने से रोका सीपीआर देने के बाद उसे विले पार्ले पश्चिम के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया.
पुलिस ने बताया कि होश आने और इलाज मिलने के बाद उसे उसके परिवार के सदस्य की मौजूदगी में घर छोड़ दिया गया और उसकी काउंसलिंग भी की गई. पुलिस ने पहचान उजागर नहीं की है.
इसके पहले बांद्रा के पश्चिमी उपनगर में 24 साल के एक युवक ने अपने 13वीं मंजिल स्थित फ्लैट से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. आरोप है कि उसकी पूर्व प्रेमिका और उसकी बहन ने उसे एक झूठे पुलिस केस में फंसाने की धमकी दी थी. पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बांद्रा ईस्ट में अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ रहता था और पहले एक जज के साथ लॉ क्लर्क के तौर पर काम कर चुका था. पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है.
–
ओपी/वीसी