संजय दत्त के मराठी बोलने से इनकार पर नगमा बोलीं, भाषा सीखना व्यक्ति की जरूरत और परिस्थिति पर करता है निर्भर

मुंबई, 10 सितंबर . एक्ट्रेस नगमा ने एक्टर संजय दत्त के मराठी भाषा को लेकर दिए गए हालिया बयान पर अपनी राय रखी. संजय दत्त ने हाल ही में महाराष्ट्र के ठाणे में आयोजित एक दही हांडी कार्यक्रम में मराठी में बात करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई.

अब नगमा ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा है कि किसी भाषा को सीखना या बोलना पूरी तरह व्यक्ति की परिस्थितियों और जरूरत पर निर्भर करता है.

से बात करते हुए नगमा ने कहा, ”जब हम स्कूल में थे, तब सिलेबस में एक भाषा जोड़ी गई थी. इसलिए महाराष्ट्र में रहते हुए हमें मराठी सीखनी पड़ी. हमें स्कूल में मराठी पढ़ाई जाती थी. मेरी मां भी महाराष्ट्र से हैं, इसलिए मुझे मराठी आती है. मेरे आसपास के लोगों से बातचीत के कारण भी मेरी मराठी बेहतर हुई. मेरे घर में काम करने वाली महिला भी महाराष्ट्र से थीं और हम उनसे मराठी में ही बात करते थे. मैंने एक मराठी फिल्म भी की है. मुझे नहीं लगता कि हमें अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर कुछ कहना चाहिए.”

नगमा की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब संजय दत्त अपने एक बयान को लेकर चर्चा में है. हाल ही में वह ठाणे में एक दही हांडी कार्यक्रम में पहुंचे थे, जिसे शिवसेना की ओर से आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में संजय दत्त ने लोगों को हिंदी में संबोधित करना शुरू किया. इसी दौरान शिवसेना नेता प्रताप सरनाईक ने उनसे मराठी में बोलने का अनुरोध किया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय दत्त ने इस अनुरोध पर हंसते हुए मराठी में बोलने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, ”मैंने यरवदा जेल में छह साल बिताए, लेकिन फिर भी मराठी नहीं सीख पाया.” संजय दत्त के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने उनके बयान पर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने इसे उनकी व्यक्तिगत पसंद से जोड़कर देखा.

इसी पूरे विवाद के बीच नगमा की बात इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि उनका संजय दत्त के साथ पुराना फिल्मी कनेक्शन रहा है. दोनों कलाकारों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है. नगमा और संजय दत्त पहली बार 1992 में आई फिल्म ‘यलगार’ में साथ नजर आए थे. फिरोज खान के निर्देशन में बनी इस एक्शन फिल्म में संजय दत्त ने विशाल सिंघल का किरदार निभाया था, जबकि नगमा उनकी पत्नी अनु सिंघल के रोल में थीं. फिल्म का गाना ‘आखिर तुम्हें आना है’ भी काफी लोकप्रिय हुआ था.

इसके बाद दोनों कलाकार 2000 में आई डेविड धवन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘चल मेरे भाई’ में भी साथ दिखाई दिए. हालांकि इस फिल्म में नगमा का स्पेशल अपीयरेंस था और उन्होंने सोनिया का किरदार निभाया था.

–

पीके/वीसी