
नई दिल्ली, 10 अगस्त . केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की अध्यक्षता में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई है. बैठक में देशभर से प्रदेश अध्यक्ष, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं. इस दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हो सकती है.
बिहार सरकार में मंत्री और लोजपा(आर) नेता संजय पासवान ने से बातचीत के दौरान कहा, “आज मैं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आया हूं. विधायक बनने के बाद यह पहली बार है जब राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है. पूरे देश से सभी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक सब लोग आए हैं. आज महत्वपूर्ण निर्णय होंगे. हमारे नेता चिराग पासवान आज जो भी दिशा निर्देश देंगे, हम सब लोग उसको जमीन पर उतारने का काम करेंगे.”
उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन को मजबूत करना है. उन्होंने कहा, “आने वाले समय में 6 राज्यों में चुनाव हैं. उस पर भी विचार होने की संभावना है. हमारे नेता चिराग पासवान ने हम सबको बुलाया है ताकि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और आगे की रणनीति तय करें.”
संजय पासवान ने झारखंड में छात्रों के विधानसभा मार्च पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “हम छात्रों के प्रदर्शन के समर्थक हैं. छात्र हमारे देश का भविष्य हैं. उन्हीं पर सब कुछ निर्भर करता है. हम सब छात्रों के साथ हैं और उनकी मांगों का पूरा समर्थन करते हैं. बातचीत से ही समाधान निकाला जा सकता है. सरकार को बातचीत करनी चाहिए. किसी भी तरह का उग्र आंदोलन नहीं होना चाहिए.”
मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन शांति और संवाद के रास्ते से ही समस्याओं का हल संभव है. पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी जायज मांगों का भी समर्थन करती है.
–
पीआईएम/एएस