प्रशिक्षण उड़ान के दौरान नौसेना का यूएवी ‘दृष्टि-10’ दुर्घटनाग्रस्त

नई दिल्ली, 8 जुलाई . भारतीय नौसेना का मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) ‘दृष्टि-10’ एक दुर्घटना का शिकार हो गया है. यह नौसेना का एक बेहद महत्वपूर्ण यूएवी है. यह दुर्घटना गुजरात में हुई है. भारतीय नौसेना ने बुधवार को इसकी पुष्टि की.

नौसेना ने पुष्टि करते हुए कहा कि उसका मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) दृष्टि-10 आठ जुलाई की दोपहर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान गुजरात के पोरबंदर हवाई क्षेत्र के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस घटना में जमीन पर किसी भी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है.

भारतीय नौसेना ने जारी बयान में कहा कि दृष्टि-10 यूएवी नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था. माना जा रहा है कि उड़ान के दौरान तकनीकी या अन्य कारणों से यूएवी नियंत्रण से बाहर हो गया. इसके बाद यह यूएवी पोरबंदर एयरफील्ड के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों और सुरक्षा दलों को मौके पर भेजा गया.

नौसेना ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना में कोई चोट या जनहानि नहीं हुई है, जिससे संभावित हादसा टल गया. दुर्घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और मलबे की जांच की जा रही है. वहीं इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.

नौसेना के विशेषज्ञ और तकनीकी अधिकारी दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेंगे. प्रारंभिक जांच में उड़ान संबंधी आंकड़ों, संचार प्रणाली, तकनीकी उपकरणों और मौसम संबंधी परिस्थितियों का भी विश्लेषण किया जाएगा.

गौरतलब है कि दृष्टि-10 भारतीय नौसेना द्वारा समुद्री निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने, टोही अभियानों और तटीय सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाता है. समुद्री निगरानी में इस्तेमाल किए जाने वाला यह एक आधुनिक मानव रहित विमान है. यह लंबे समय तक हवा में रहने और दूरस्थ क्षेत्रों की निगरानी करने में सक्षम माना जाता है.

नौसेना ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों के बारे में कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा. फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि न होने को राहत की बात माना जा रहा है.

जीसीबी/एएसएच