एनडीए के सांसदों ने कांग्रेस पर राजनीतिक फायदे के लिए लोगों को गुमराह करने का लगाया आरोप

नई दिल्ली, 7 अगस्त . संसद के मानसून सत्र के दौरान भाजपा सांसदों ने विपक्ष विशेष रूप से कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष संसद की कार्यवाही को बाधित कर केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने संसद में विपक्ष के लगातार विरोध को लेकर कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि सरकार की कोशिशें सफल हों. विपक्ष का उद्देश्य केवल राजनीतिक फायदा उठाना है. चाहे चढ़ावा चोरी का मामला हो या छात्रों के विरोध-प्रदर्शन, संसद सत्र शुरू होने के बाद से विपक्ष लगातार गतिरोध बना हुआ है.

चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि विपक्ष न तो सदन का सम्मान करता है और न ही उसकी गरिमा बनाए रखना चाहता है. सरकार लगातार संवाद के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास कर रही है और मंत्री विपक्षी नेताओं से सीधे बातचीत भी कर रहे हैं लेकिन इसके बावजूद सहयोग नहीं मिल रहा है.

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और युवाओं के लिए सरकार की नीतियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए लगातार काम किया है. उनके अनुसार, कौशल विकास मंत्रालय की स्थापना, वैश्विक आर्थिक और व्यापारिक समझौते तथा विभिन्न नीतिगत सुधारों के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों का विस्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि भारत 7.8 प्रतिशत की विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है, बेरोजगारी कम हो रही है और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं.

तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन में देश के युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. स्टार्टअप, स्टैंडअप, स्किल इंडिया और मुद्रा जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया है. सरकार को देश की ‘जेन जेड’ पीढ़ी पर सबसे अधिक भरोसा है और यही युवा भारत के भविष्य के विकास के मुख्य आधार हैं.

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए तरुण चुघ ने उन पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी का रुख अलग होता है जबकि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां छात्रों की मांगों पर कार्रवाई नहीं होती. उन्होंने झारखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि छात्रों की मांगें उचित हैं तो कांग्रेस सरकार उन्हें स्वीकार क्यों नहीं कर रही. साथ ही, उन्होंने पंजाब में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर भी कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाया.

भाजपा सांसद मदन राठौड़ ने भी कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी के पास अब जनहित से जुड़े कोई वास्तविक मुद्दे नहीं बचे हैं. कांग्रेस केवल सुर्खियां बटोरने के लिए संसद में हंगामा कर रही है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है.

वहीं, भाजपा सांसद मयंकभाई नायक ने महिला आरक्षण विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ के विजन के अनुरूप संसद में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की दिशा में व्यापक समर्थन के साथ महिला आरक्षण पर चर्चा हुई है. उन्होंने इसे महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

उधर, भाजपा सांसद बृजलाल ने राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें प्रयागराज दौरे की अनुमति मिलना अच्छी बात है और उन्हें जाना चाहिए. साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया कि राहुल गांधी को अपने दादा फिरोज गांधी की समाधि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहिए.

एसएके/पीएम