नेपाल आपदा दुखद, पड़ोसी देश के साथ मजबूती से खड़ा है भारत: जगन्नाथ सरकार

नादिया, 30 अगस्त . नेपाल आपदा पर भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने दुख जताया है. उन्होंने कहा कि भारत हमेशा की तरह इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है और हर संभव मदद कर रहा है.

भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने से बातचीत करते हुए कहा, “नेपाल में जो हुआ, वो काफी दुखद था. इसके बारे में किसी को जानकारी नहीं थी. अचानक आई बाढ़ से बहुत जानमाल का नुकसान हुआ. हमारा देश भारत हमेशा प्राकृतिक आपदा की वजह से नुकसान हुए देशों के साथ खड़ा रहता है. हर बार की तरह इस बार भी भारत पूरे सहयोग के साथ नेपाल के साथ खड़ा है और उनकी मदद कर रहा है.”

उन्होंने बिहार में बाढ़ के खतरे को लेकर भी चिंता जताई. सांसद ने कहा, “नेपाल में जिस जल ने तबाही मचाई, अब वह बिहार की ओर बढ़ रहा है. बिहार की नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है. लोगों को सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि नदियों का जलस्तर बहुत तेजी से बढ़ रहा है. प्राकृतिक आपदा में जिनकी मौत हुई है, सरकार को उनके परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए और उनकी सहायता करनी चाहिए. परिवार को मुआवजा देना चाहिए.”

उन्होंने फूड सिक्योरिटी पर बात करते हुए कहा, “सरकार को फूड सेफ्टी और सिक्योरिटी पर विशेष ध्यान देना चाहिए. अगर कोई गलत काम कर रहा है तो उसके ऊपर जुर्माना लगाना चाहिए.”

वहीं, सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के तीन सांसदों के शामिल होने के सवाल पर जगन्नाथ सरकार ने कहा कि यह कोई बड़ी घटना नहीं है. उन्होंने कहा, “हमारा संगठन बहुत बड़ा है. इतने बड़े संगठन के बीच ऐसी छोटी-मोटी घटनाएं हो सकती हैं. इस संबंध में इससे ज्यादा टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है.”

अकाली दल के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा, “अकाली दल भाजपा का सबसे पुराना सहयोगी रहा है, इसलिए उनके साथ तालमेल होना कोई नई बात नहीं है. इस गठबंधन से देश को फायदा होगा.”

एससीएच/डीकेपी