
ऑकलैंड, 5 अगस्त . न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में बुधवार सुबह एक सनकी ने कुछ ही मिनटों में कई हिंसक वारदातों को अंजाम दिया. पहले उसने एक महिला जॉगर पर कथित तौर पर बिना किसी उकसावे के हमला बोला, फिर उसकी मदद के लिए रुके एक शख्स की कार लूट कर फरार हुआ और चोरी की उसी कार से कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद साइकिल चला रहे छात्र समूह को निशाना बना दिया. बाद में उसने एक पालतू कुत्ते की भी निर्मम हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को टेजर गन का इस्तेमाल कर गिरफ्तार कर लिया.
घटना बुधवार सुबह करीब 7:05 बजे मैनुकाउ रोड और रैनफर्ली रोड के चौराहे पर शुरू हुई, जहां एक महिला जॉगर पर कथित तौर पर “बिना किसी कारण” हमला किया गया. महिला गंभीर रूप से घायल हुई. उसकी मदद के लिए रुके एक राहगीर की कार आरोपी ने छीन ली.
स्थानीय मीडिया दैनिक द न्यूजीलैंड हेराल्ड ने बताया कि पुलिस के अनुसार, चोरी की कार लेकर भागते समय आरोपी ने कई अन्य वाहनों को टक्कर मारी और इसके बाद मैनुकाउ रोड पर साइकिल चला रहे पांच छात्रों के समूह की ओर जानबूझकर कार मोड़ दी. ये सभी छात्र ऑकलैंड ग्रामर स्कूल के थे और अपने साइक्लिंग क्लब के साथ अभ्यास कर रहे थे.
तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. एक छात्र को अत्यंत गंभीर हालत में ऑकलैंड सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य दो की हालत क्रमशः गंभीर और सामान्य से अधिक गंभीर बताई गई. सीसीटीवी फुटेज में कार को पीछे से साइकिल सवारों को टक्कर मारते हुए देखा गया. हादसे के बाद राहगीर घायलों की मदद के लिए दौड़े, हालांकि फुटेज का कुछ हिस्सा पेड़ और एक वाहन के कारण स्पष्ट नहीं दिखा.
ऑकलैंड जिला कमांडर सुंदरिप पटेल ने कहा कि छात्र अपने पसंदीदा खेल का अभ्यास कर रहे थे, तभी आरोपी ने पीछे से वाहन उनकी ओर मोड़ दिया. उन्होंने कहा, “यह घटना इन युवाओं के जीवन पर लंबे समय तक असर डालने वाली है.”
ऑकलैंड ग्रामर स्कूल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पीड़ित छात्रों और उनके परिवारों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और मानसिक सहयोग सुनिश्चित करना है. स्कूल ने पीड़ित छात्रों और समुदाय के लिए काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की भी घोषणा की.
पुलिस के अनुसार, वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आरोपी एक महिला के पास पहुंचा, जो अपने दो पालतू कुत्तों को घुमा रही थी. उसने कथित तौर पर एक कुत्ते पर बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. महिला का दूसरा कुत्ता बच गया.
पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को काबू करने के लिए कम से कम दो बार टेजर गन का इस्तेमाल किया और उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार 49 वर्षीय आरोपी फिलहाल पुलिस निगरानी में ऑकलैंड सिटी अस्पताल में भर्ती है. उसके खिलाफ बुधवार को 14 आरोप दर्ज किए जाने हैं और गुरुवार को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आरोपी ने पैंट नहीं पहन रखी थी. वहीं, एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने बताया कि आरोपी पहले हुई टक्करों के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार लेकर पेट्रोल पंप तक पहुंचा था, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
–
केआर/