
चमौली, 24 अक्टूबर . उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने 19 अक्टूबर को देहरादून स्थित लोकभवन में प्रदेश के 9वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण किया था. शपथ ग्रहण के बाद यह उनका प्रथम बदरीनाथ धाम दर्शन कार्यक्रम रहा.
बदरीनाथ धाम पहुंचने पर हेलीपैड में जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने राज्यपाल महोदय को स्मृति चिह्न एवं हरित पौधा भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया. इस दौरान पुलिस के जवानों ने सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में महामहिम को सलामी दी. राज्यपाल ने पुलिस जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट एवं सटीक शस्त्र कवायद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया.
भगवान बद्री विशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया. इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया.
इसके पहले उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की थी. इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई. इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी डॉ. ढाल सिंह बिसने ने मुलाकात की थी.
बता दें कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं. वे पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व सांसद रह चुके हैं. सार्वजनिक जीवन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाले उत्तराखंड में नए राज्यपाल के रूप में उनके कार्यकाल को लेकर सियासी गलियारों में काफी उम्मीदें हैं.
–
ओपी/पीएम