
मुंबई, 10 जुलाई . वेब सीरीज की दुनिया में कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो कहानी खत्म होने के बाद भी दर्शकों के दिल और दिमाग में लंबे समय तक बने रहते हैं. ‘रक्तांचल’ भी ऐसी ही क्राइम-ड्रामा सीरीज रही है, जिसने अपने दमदार किरदारों, गैंगवार और पूर्वांचल की सियासत से जुड़ी कहानी के दम पर अलग पहचान बनाई. अब इस चर्चित सीरीज का तीसरा सीजन रिलीज के लिए तैयार है.
नए सीजन के साथ पुराने किरदार भी वापसी कर रहे हैं. इसी कड़ी में अभिनेता निकितिन धीर एक बार फिर वसीम खान के रोल में नजर आएंगे.
सीरीज में वापसी को लेकर निकितिन धीर ने कहा, ”वसीम खान जैसे किरदार को दोबारा निभाना मेरे लिए बेहद संतोष देने वाला अनुभव है. यह ऐसा किरदार है, जिसकी कई परतें हैं. वह जहां भी जाता है, अपनी मौजूदगी दर्ज करा देता है. इस बार उसे अपनी अब तक की सबसे बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा. पिछले दो सीजन से जिस दुश्मनी को दर्शक देखते आए हैं, वह इस बार बिल्कुल नए स्तर पर पहुंचने वाली है. मुझे भरोसा है कि दर्शकों को इस सीजन का हर मोड़ पसंद आएगा.”
शुक्रवार को मेकर्स ने ‘रक्तांचल सीजन 3’ का ट्रेलर भी रिलीज किया. ट्रेलर में एक बार फिर पूर्वांचल की खूनी दुश्मनी, सत्ता की लड़ाई और बदले की आग देखने को मिली. कहानी की शुरुआत विजय सिंह की वापसी से होती है. चार साल तक छिपकर रहने के बाद विजय सिंह अब अपने पुराने दुश्मन वसीम खान से बदला लेने लौटता है. इसके बार दोनों के बीच टकराव पहले से ज्यादा खतरनाक दिखाया गया है. ट्रेलर में कई दमदार एक्शन सीन हैं.
सीरीज में विजय सिंह का किरदार निभा रहे अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने भी अपनी वापसी पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा, ”विजय सिंह हमेशा अपने हौसले और मजबूत इरादों के लिए जाना जाता है. इतने साल बाद इस किरदार में लौटना मेरे लिए खास अनुभव रहा. इस बार कहानी में विजय सिंह को ऐसे हालात का सामना करना पड़ता है, जहां हर कदम पर उसकी परीक्षा होती है. इस सीजन में दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिलेगा और पूरी कहानी फ्रेंचाइजी के सबसे बड़े मुकाबले की ओर बढ़ेगी.”
‘रक्तांचल सीजन 3’ का निर्देशन रितम श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसकी कहानी सिद्धार्थ मिश्रा ने लिखी है. इस बार भी कहानी पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां सत्ता, बदला, महत्वाकांक्षा, बदलते रिश्ते और विश्वासघात की कहानी दिखाई जाएगी.
इस सीजन में निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा के अलावा करण पटेल, माही गिल, राजेश कुमार और विक्रम कोचर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
‘रक्तांचल सीजन 3’ का प्रीमियर 16 जुलाई को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर होगा.
–
पीके/एबीएम