नोएडा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 10 बाइक और अवैध हथियार बरामद

नोएडा, 10 सितंबर . नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रेकी करने के बाद मोटरसाइकिल चोरी करते थे. चोरी की बाइकों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में उनका इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग जैसी वारदातों में किया जाता था.

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर वाहन चोरों की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान पुलिस को अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली.

सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिण्डन नदी के पुल के नीचे 25 फुटा रोड के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौकत अली पुत्र मोहम्मद मियां और पवन कुमार पुत्र रमेश चंद्र के रूप में हुई है.

शौकत अली मूल रूप से नई सराय, थाना कोतवाली, जनपद बदायूं का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम चिपियाना खुर्द उर्फ तिगरी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था. उसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है. वहीं दूसरा आरोपी पवन कुमार ग्राम चिपियाना खुर्द उर्फ तिगरी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर का निवासी है और उसकी उम्र करीब 27 वर्ष है.

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी करने के लिए पहले रेकी करते थे. ऐसी जगहों की पहचान की जाती थी, जहां बाइक आसानी से चोरी की जा सके. मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद आरोपी उन्हें तुरंत एक जगह नहीं रखते थे, बल्कि पार्किंग, सड़क किनारे और ग्रीन बेल्ट जैसे अलग-अलग स्थानों पर खड़ा कर देते थे.

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को आपस में बदल-बदलकर इस्तेमाल करते थे. इन बाइकों का इस्तेमाल मोबाइल फोन छीनने जैसी घटनाओं में भी किया जाता था. वारदातों के बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच दिया जाता था.

पुलिस अब बरामद की गई सभी मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनमें से कितनी बाइक दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई थीं.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 10 चोरी की मोटरसाइकिलों के अलावा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं. साथ ही एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है. पुलिस इस फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल और इससे जुड़ी अन्य संभावित घटनाओं की भी जांच कर रही है.

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, चोरी की मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों और आरोपियों द्वारा पूर्व में की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटाने में लगी है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर गिरोह के नेटवर्क की आगे जांच की जा रही है.

–

पीकेटी/डीकेपी