
चेन्नई, 1 अगस्त . नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है. दरअसल, तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले में स्थित देश का सबसे बड़ा परमाणु ऊर्जा केंद्र, न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) का कुडनकुलम न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट (केकेएनपीपी) ने श्रेणी-॥ के तहत स्टाइपेंडरी ट्रेनी/टेक्नीशियन (एसटी/टीएन) के कुल 255 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए थे.
एनपीसीआईएल-केकेएनपीपी की ओर से स्टाइपेंडरी ट्रेनी/टेक्नीशियन पोस्ट के लिए जारी 255 रिक्तियों में एससी के 54, एसटी के 19, ओबीसी (एनसीएल) के 77, ईडब्ल्यूएस के 20 और यूआर के 85 पद शामिल हैं.
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त तय की गई है. ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक जिन उम्मीदवार ने अभी तक फॉर्म नहीं भरना है, उन्हें एनपीसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर तय अंतिम तिथि के शाम 4 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है. कैंडिडेट्स ध्यान दें कि तय समय सीमा के बाद आवेदन लिंक बंद हो जाएगा और आपके हाथ से एक सुनहरा मौका निकल जाएगा.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से स्टाइपेंडरी ट्रेनी/टेक्नीशियन (एसटी/टीएन)- (प्लांट ऑपरेटर) के लिए एचएससी (12वीं) या साइंस स्ट्रीम (फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमेटिक्स) विषयों के साथ आईएससी पास होना चाहिए, जिसमें कुल मिलाकर कम से कम 50 प्रतिशत अंक हो.
स्टाइपेंडरी ट्रेनी/टेक्नीशियन (एसटी/टीएन)- (इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक/इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक/इलेक्ट्रीशियन/फिटर/टर्नर/मशीनिस्ट/वेल्डर) के लिए एसएससी (10वीं) जिसमें साइंस और गणित विषयों में अलग-अलग कम से कम 50 प्रतिशत अंक के साथ संबंधित ट्रेड में 2 वर्ष का आईटीआई सर्टिफिकेट होना चाहिए. वहीं, जिन ट्रेड में आईटीआई कोर्स की अवधि 2 वर्ष से कम है, उनमें कैंडिडेट के पास कोर्स पूरा करने के बाद कम से कम एक वर्ष का संबंधित काम का अनुभव होना चाहिए. बता दें कि ऊपर बताई गई दोनों पोस्ट के लिए कैंडिडेट ने कम से कम एसएससी (10वीं) लेवल पर एक विषय के तौर पर अंग्रेजी पढ़ी होनी चाहिए.
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष तय की गई है. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
इन पदों पर चुने गए उम्मीदवारों को 2 वर्ष के ट्रेनिंग प्रोग्राम से गुजरना होगा, जिसके लिए उन्हें प्रथम वर्ष 20,000 रुपए प्रति माह और दूसरे वर्ष 22,000 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे. इसके अलावा कैंडिडेट्स को एक बार 3,000 रुपए बुक अलाउंस भी दिया जाएगा. वहीं, ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी होने पर ट्रेनीज को पे मैट्रिक्स के लेवल-3 में टेक्नीशियन-बी के पद पर नियुक्त किया जाएगा, जिसमें बेसिक पे 21,700 रुपए और अन्य लागू वेतन व भत्ते शामिल होंगे.
–
डीके/पीएम