
भुवनेश्वर, 10 नवंबर . ओडिशा सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोप में फंसी ओडिशा राजस्व सेवा की अधिकारी और बालियापाल (बालासोर) की सब-रजिस्ट्रार मनीषा मिश्रा की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं.
जारी आदेश के अनुसार, मनीषा मिश्रा को 6 नवंबर को बालासोर विजिलेंस अधिकारियों ने 7,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था. आरोप है कि उन्होंने ज्ञानरंजन पात्रा नामक व्यक्ति से उसकी जमीन के पंजीकरण और बिक्री विलेख (सेल डीड) जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी.
बताया गया कि इस मामले की सूचना सामान्य प्रशासन (विजिलेंस) विभाग ने 7 नवंबर को दी थी. इसके बाद बालासोर विजिलेंस थाने में केस दर्ज किया गया. मनीषा मिश्रा को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
आदेश में कहा गया है कि मनीषा मिश्रा अभी अपनी परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) पूरी नहीं कर पाई थीं. उनके खिलाफ लगे आरोप गंभीर भ्रष्टाचार, घोर कदाचार और व्यक्तिगत अनैतिकता की श्रेणी में आते हैं, जो ओडिशा सरकारी सेवक आचरण नियम, 1959 का सीधा उल्लंघन है.
नियुक्ति प्राधिकारी ने विजिलेंस विभाग की रिपोर्ट और आरोपों की गंभीरता पर विचार करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि मनीषा मिश्रा को सेवा में बनाए रखना जनहित के लिए अत्यंत हानिकारक है. इसी आधार पर ओआरएस भर्ती नियम, 2011 तथा ओडिशा राजस्व सेवा (ग्रुप-बी) परिवीक्षा एवं विभागीय परीक्षा नियम, 2016 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सरकार ने उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है.
रिश्वत लेने के आरोप में मनीषा मिश्रा 20 नवंबर तक हिरासत में हैं. सरकार ने उन पर लगे आरोपों को गंभीर उल्लंघन मानते हुए उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं.
–
एएमटी/वीसी