
पटना, 8 जुलाई . बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता के प्रति समर्पित है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अभूतपूर्व काम हो रहा है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने पर उन्होंने कहा, “यह सरकार जनता के प्रति समर्पित है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अभूतपूर्व काम हो रहा है और जनता की समस्याओं का निदान भी हो रहा है. पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं. एक महीने में ही उन आवेदनों का निष्पादन होना है. निष्पादन नहीं हुआ तो अधिकारी स्वतः सस्पेंड हो जाएंगे.”
उन्होंने कहा कि एक और नया कदम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिया है. जिन समस्याओं के निष्पादन से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हैं, उनकी सुनवाई खुद मुख्यमंत्री करेंगे. दूसरे सप्ताह के मंगलवार को उन्होंने समय रखा है. इसलिए यह सरकार पूरी तरह आम जनता के लिए समर्पित है.
संजय सरावगी ने यह भी कहा कि यह सरकार किसी भी स्थिति में अपराध और अपराधी को स्वीकार करने वाली नहीं है. अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जो भी करना होगा, सरकार वह सब कुछ कर रही है. उन्होंने कहा कि 11 स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा हुई है. इसकी प्रक्रिया तेजी से प्रारंभ हो चुकी है. कई एक्सप्रेसवे और हाईवे बिहार में बनने वाले हैं. मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में उद्योग शामिल है. नीतीश कुमार ने बिहार में जंगलराज से सुशासन स्थापित किया था. सम्राट चौधरी बिहार को समृद्ध बनाएंगे.
संजय सरावगी ने बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा, “परिणाम तय है. गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. भारी बहुमत से पार्टी के उम्मीदवार को जीत मिलेगी.” उन्होंने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर वोट काटने के लिए लड़ रहे हैं.
आईआरसीटीसी घोटाला मामले को लेकर संजय सरावगी ने लालू परिवार पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने कहा, “ये लोग राजनीति में आपराधिक सिंडिकेट चला रहे हैं. इन लोगों ने नौकरी के नाम पर बिहार को लूटने का काम किया. लालू प्रसाद यादव सजायाफ्ता हैं. वे जेल जाकर आए हैं. तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्य जमानत पर हैं. जिस मामले में सुनवाई चल रही हैं, इसके पुख्ता सबूत हैं.”
सरावगी ने कहा कि नौकरी के नाम गरीबों की जमीनों को उन लोगों ने अपने नाम लिखवाया था. जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे, नौकरी के बदले जमीन ली गई. अब ये लोग बिल्कुल बचने वाले नहीं है, क्योंकि पुख्ता सबूत हैं.
प्रधानमंत्री मोदी के इंडोनेशिया दौरे पर संजय सरावगी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इंडोनेशिया के दौरे पर हैं, जहां 1,000 साल से भी पुराना एक मंदिर है. इंडोनेशिया की सरकार उसे संरक्षित और उसकी देखभाल कर रही है. जब आप इंडोनेशिया जाएंगे, तो आपको भगवान श्री राम और पूरी रामायण को समर्पित कई मंदिर मिलेंगे. वहां न सिर्फ मंदिर हैं, बल्कि रामायण से जुड़ी कई जगहों की भी सरकार देखभाल कर रही है.”
उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की 90 प्रतिशत आबादी मुस्लिम है. इसके बावजूद वहां सरकार मंदिरों की देखरेख करती है. इससे पूरे विपक्ष को सीख लेनी चाहिए. यहां मंदिर के नाम पर विपक्ष के लोग भड़क जाते हैं. आज तक राहुल गांधी अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन के लिए नहीं गए. इंडोनेशिया में बहुत से मंदिर रामायण के इतिहास पर बने हैं. इसलिए विपक्ष को सीख लेनी चाहिए.
–
डीसीएच/