‘खेल खेल में’ के 51 साल पूरे होने पर नीतू कपूर ने याद किया पुराना दौर, शेयर की ऋषि कपूर संग रोमांटिक तस्वीर

मुंबई, 16 मई . हिंदी सिनेमा की कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो समय बीतने के बाद भी लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहती हैं. साल 1975 में रिलीज हुई फिल्म ‘खेल खेल में’ भी ऐसी ही फिल्मों में शामिल है. इस फिल्म ने दर्शकों का दिल जीता था.

इसके अलावा, यह अभिनेता ऋषि कपूर और अभिनेत्री नीतू कपूर की जिंदगी में भी बेहद खास जगह रखती है. अब फिल्म को 51 साल पूरे हो गए है. इस मौके पर नीतू कपूर ने पोस्ट के जरिए पुरानी यादों को फिर से ताजा किया है.

नीतू कपूर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘खेल खेल में’ का एक पुराना रोमांटिक पोस्टर साझा किया. इस पोस्टर में नीतू कपूर और ऋषि कपूर बेहद प्यारे अंदाज में नजर आ रहे हैं. तस्वीर में नीतू कपूर ने अपनी एक उंगली ऋषि कपूर के होंठों पर रखी हुई है, इस दौरान वह प्यार भरी नजरों से उन्हें देख रही है. दोनों के चेहरे पर मासूमियत साफ नजर आ रही है.

इस तस्वीर के साथ नीतू कपूर ने छोटा सा कैप्शन भी लिखा. उन्होंने लिखा, ”फिल्म ‘खेल खेल में’ को 51 साल पूरे हो गए हैं. यह 16 मई 1975 को रिलीज हुई थी.”

अगर फिल्म की बात करें, तो इसका निर्देशन रवि टंडन ने किया था. रिलीज के बाद यह फिल्म अपने समय की सबसे पसंदीदा फिल्मों में शामिल हो गई थी. फिल्म की कहानी कॉलेज के युवाओं की जिंदगी पर आधारित थी.

फिल्म में मशहूर संगीतकार आर. डी. बर्मन ने इसके गानों में म्यूजिक दिया था. फिल्म के गाने ‘खुल्लम खुल्ला प्यार करेंगे’, ‘एक मैं और एक तू’, ‘हमने तुमको देखा’ और ‘आए लो प्यार के दिन’ आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं. इन गानों ने उस दौर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी और आज भी लोग इन्हें सुनना पसंद करते हैं.

ऋषि कपूर और नीतू कपूर की जोड़ी को पर्दे पर काफी पसंद किया जाता था. असल जिंदगी में दोनों ने 22 जनवरी 1980 को शादी की थी.

शादी के बाद नीतू कपूर ने फिल्मों से दूरी बना ली और परिवार को समय देना शुरू किया. शादी के बाद रिद्धिमा कपूर साहनी और रणबीर कपूर का जन्म हुआ.

पीके/एएस