
नई दिल्ली, 13 अगस्त . नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को राज्यसभा में बताया कि बीते दिनों उन्होंने हल्द्वानी में एक जनसभा को संबोधित किया था. उन्होंने जिस मंच से जनसभा को संबोधित किया बाद में कुछ लोगों ने मंच का शुद्धीकरण किया. नेता सदन जेपी नड्डा और सभापति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस घटना की निंदा की और इसके साथ ही मामले की जांच और करवाई भरोसा भी दिलाया है.
राज्यसभा में बोल देते हुए खड़गे ने कहा, “सर, बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है कि मैंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में सार्वजनिक सभा को संबोधित किया था. वहां लाखों लोग मौजूद थे. उस दौरान मैंने किसी समाज या किसी धर्म का नाम नहीं लिया, बल्कि केवल लोगों की समस्याओं के बारे में बात की. लेकिन मेरे भाषण के बाद कल भाजपा के लोगों ने मिलकर हवन किया और उस मंच का शुद्धीकरण करने का प्रयास किया. यही लोकतंत्र है. हमारे पास संविधान है.”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “ मैं इसको कभी राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहता. मैं कई सालों से इस सदन में हूं, लेकिन मैंने कभी ऐसा नहीं किया. मैं एक सरोकार वाला व्यक्ति हूं, मैं एक दलित हूं, लेकिन मैंने कभी किसी के सामने यह कहकर मदद या अपनी रक्षा की गुहार नहीं लगाई. मेरे अंदर लड़ने की शक्ति है और मैं लड़ता हूं. लेकिन आप मुझे अछूत समझकर, शुद्धीकरण करके मेरा अपमान करते हैं. यह बहुत दुखद है.”
इस पर नेता सदन जेपी नड्डा ने कहा, “माननीय खड़गे जी ने जो बात कही है, वह सच में बहुत दुखद विषय है. और यह दुखद सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लिए नहीं, बल्कि हम सबके लिए है. खड़गे साहब ने कहा कि इसमें भाजपा के लोग शामिल थे. मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष जी भी बैठे हैं और मैं भी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहा हूं. भारतीय जनता पार्टी इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करती. कभी नहीं करती. नड्डा ने सदन को आश्वस्त किया कि , वे इसकी तहकीकात भी करेंगे. उन्होंने कहा, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो भी बात हुई है, उसकी जांच जरूर होगी. मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस तरह की गतिविधि का भारतीय जनता पार्टी कभी समर्थन नहीं करती है. मैं इसकी भर्त्सना करता हूं और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी भी इस मामले को गहराई से देखेंगे. लेकिन आपकी भावनाओं को जो ठेस पहुंची है, वह सच में हम सबके लिए खेद का विषय है.”
नड्डा ने कहा, “मैंने पहले ही कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करती. यह हम सबके लिए और देश के लिए भी खेद का विषय है. हम इसकी जांच भी करेंगे. लेकिन उसके बाद खड़गे साहब यह कहें कि ‘तुम ऐसा करते हो, तुम ऐसा करते हो’, यह उचित नहीं है. जब हमने कहा है कि हम इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करते, जिसने भी यह किया है, वह गलत है. जिसने भी किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अब इस मुद्दे को राजनीतिक रंग मत दीजिए. जो बात कही गई है, मैं कह रहा हूं कि, आपको जितना दुख है, उतना ही मुझे भी दुख है.
उन्होंने कहा कि मैं भी उन्हीं भावनाओं के साथ आपके साथ खड़ा हूं. लेकिन अगर आप कहेंगे कि ‘तुमने किया, तुमने किया’, तो यह ठीक नहीं है. हम कह रहे हैं कि हम इसकी जांच करेंगे. हम पूरे मामले की तह तक जाएंगे और पता लगाएंगे. अगर कोई दोषी पाया जाता है तो निश्चित रूप से उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. नड्डा ने कहा. “ हम खड़गे जी का सम्मान करते हैं और उनकी भावनाओं का भी सम्मान करते हैं. लेकिन मेरा उनसे भी निवेदन है कि जब हमने स्पष्ट रूप से कहा है कि हम इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करते, तो आप भी इस मुद्दे का राजनीतिकरण मत कीजिए और इस बात को समझिए.”
सभापति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस घटना निंदा की. उन्होंने कहा हम सभी, चाहे किसी भी राजनीतिक दल से हों, किसी भी विचारधारा से हों या किसी भी पक्ष से जुड़े हों, अस्पृश्यता की निंदा करते हैं और हम सभी शुद्ध हैं. किसी को भी बार-बार हमें शुद्ध करने की जरूरत नहीं है. सभापति ने कहा, मैं सरकार से भी अनुरोध करता हूं कि जिन लोगों ने गलत काम किया है, उनकी जांच की जाए, उन्हें पकड़ा जाए और उन्हें सजा दी जाए. इस मामले में कोई दो राय नहीं है.
–
जीसीबी/पीएम