बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर राजनाथ सिंह बोले, वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करते थे काम

लखनऊ, 6 अगस्त . केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर दुख जाहिर किया.

राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य उमाशंकर सिंह के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है. वे केवल एक विधायक के रूप में नहीं, बल्कि एक संवेदनशील समाज सेवी के रूप में भी जाने और माने जाते थे. वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करने में विश्वास रखते थे.”

उन्होंने कहा, “अपनी विनम्रता तथा अच्छे व्यवहार के कारण उनके सभी दलों के साथ अच्छे संबंध रहे. दुख की इस घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ॐ शांति.”

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने उमाशंक सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वो हमेशा से ही सामाजिक कल्याण की दिशा में आगे रहे. ऐसी स्थिति में उनका जाना हमारे लिए दुखद है. वो विधानसभा में अकेले ही जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने का काम करते थे. हमने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जो प्रदेश के विकास के लिए समर्पित रूप से काम करता था. मैं उनके निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दुख की इस घड़ी में परिवार को सांत्वना मिले.

पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर दुख जाहिर किया. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह बहुत ही दुखद है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं. वह हमारी ही उम्र के थे. बलिया में काफी लोकप्रिय थे और उन्होंने जनपद के लोगों के लिए कई कदम उठाए थे. उनका और हमारा साथ करीब 25 से 30 वर्षों का रहा है. वह अपने क्षेत्र के लोगों के प्रति काफी प्रतिबद्ध रहे. उनके जाने से बहुजन समाज पार्टी को राजनीति के क्षेत्र में बहुत क्षति हुई है. बहुजन समाज पार्टी ने अपना एक कद्दावर नेता खो दिया. समाज के लिए अच्छा काम करने वाला कोई व्यक्ति अगर हमारे बीच से चला जाता है, तो इससे समाज को बहुत बड़ी क्षति होती है, जिससे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है. राजनीति में विचारधाराएं अलग-अलग होती हैं. किसी विषय पर किसी व्यक्ति की राय अलग हो सकती है, लेकिन ऐसी स्थिति में किसी को भी कोई आपस में कटुता नहीं रखनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि हम विचारों के नीतियों की आलोचना करते हैं. उमाशंकर इसी सोच के साथ काम करते रहे. जब कभी समाज के कल्याण की दिशा में काम करने की बात आई, तो वो हमेशा से ही अंग्रिम पंक्ति पर नजर आए. उनकी सोच हमेशा से ही अच्छी रही. उन्होंने हमेशा से ही समाज के कल्याण के बारे में सोचा. इसी वजह से आज सभी वर्गों के लोग यहां पर आ रहे हैं. उन्हें याद कर रहे हैं. उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.

उधर, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बसपा विधायक उमा शंकर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मैं शोक संतप्त परिवार को सात्वना देता हूं. हम दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं. सार्वजनिक जीवन जीने वाला कोई व्यक्ति जब हम सभी लोगों को छोड़कर जाता है, तो क्षति हम सभी लोगों की होती है.

एसएचके/वीसी