
नई दिल्ली, 3 जून . मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग और हैदराबाद के भाजपा नेता मनमीत सिंह मदन ने परिसीमन और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का समर्थन किया है. विश्वास सारंग ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ अनिवार्य है.
मंत्री विश्वास सारंग ने से बातचीत में कहा, “जब भी देश की एकता और अखंडता का मुद्दा उठता है, कांग्रेस पार्टी असहज हो जाती है. उनका उद्देश्य देश में विभाजन पैदा करना है. कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण ही देश की स्थिति इस स्तर पर पहुंची है. मेरा मानना है कि कांग्रेस ने एक समय देश को बर्बादी की ओर धकेलने की कोशिश की थी, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं.”
सारंग ने कहा, “देश की एकता और अखंडता के लिए ‘एक राष्ट्र, एक कानून’ अनिवार्य है. धर्म या किसी विशिष्ट समूह के आधार पर कानून में भेदभाव स्वीकार्य नहीं है. इसलिए, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्य प्रदेश भी इसके लिए पूरी तैयारी कर रहा है और हम यूसीसी को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”
वहीं, हैदराबाद में भाजपा नेता मनमीत सिंह मदन ने कहा, “परिसीमन होना चाहिए. यह समय की मांग है. कई राज्यों में अब तक क्षेत्रीय दल सत्ता में रहे हैं. ये क्षेत्रीय दल अपने राजनीतिक हितों के लिए परिसीमन या ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के कार्यान्वयन का विरोध कर रहे हैं. यदि चुनाव एक साथ होते हैं, तो कर्मचारियों की तैनाती केवल एक बार होगी, और चुनाव मशीनरी को बार-बार तैनात करने या एक से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की आवश्यकता नहीं होगी.”
एक सवाल के जवाब में मनमीत सिंह मदन ने कहा, “भारत एक लोकतांत्रिक देश है, कोई भी कहीं से चुनाव लड़ सकता है. ऐसा नहीं है कि पवन कल्याण आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री हैं, इसलिए उन्हें केवल वहीं काम करना चाहिए. अगर वे तेलंगाना में चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो वे पूरी तरह से स्वतंत्र हैं. पार्टी उन्हें आने से रोकना नहीं चाहती, उनका स्वागत है. उनके कार्यकर्ता यहां मौजूद हैं, इसलिए वे आ सकते हैं, काम कर सकते हैं और मुद्दे उठा सकते हैं.”
–
ओपी/एबीएम