‘दिमागी नक्सल’ पर पी. चिदंबरम ने भगवा आतंकवाद की गढी थी झूठी कहानी: राजीव चंद्रशेखर

तिरुवनंतपुरम, 9 सितंबर . केरल भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम को घेरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने सार्वजनिक रूप से “भगवा आतंकवाद” शब्द का इस्तेमाल किया था.

राजीव चंद्रशेखर ने एक्स पोस्ट में कहा, “जब से पी. चिदंबरम ने यह साफ कर दिया है कि वे और कांग्रेसी दिमागी नक्सली हैं, तब से यह जानना जरूरी हो गया है कि वे किस चीज में विश्वास करते हैं, उनकी विचारधारा किस पर आधारित है? हम जानते हैं कि वे नक्सलियों के प्रति नरम रुख रखते हैं, जबकि उनकी अपनी पार्टी के लोग मारे जा चुके हैं. हम जानते हैं कि वे पाकिस्तान और चीन के प्रति नरम हैं जबकि इतने सारे लोग आतंकवाद का शिकार हुए हैं और सशस्त्र बलों के बहादुर जवानों ने बलिदान दिया है.”

राजीव चंद्रशेखर ने कहा, “लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही कांग्रेसी ‘भगवा आतंकवाद’ की झूठी कहानी गढ़ने वाले भी थे? इस तरह के कांग्रेसी ‘दिमागी नक्सल’ खुद को बड़े बुद्धिजीवी होने का दिखावा करते हैं और समाज में बंटवारा, अफरा-तफरी, अराजकता और भ्रष्टाचार फैलाते हैं. साथ ही तरक्की, इनोवेशन और विकास की रफ्तार धीमी करते हैं. क्या यह मेरी थ्योरी है? नहीं. इसका सबूत है केंद्र में कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल का अध्ययन करें, केरल में मौजूदा कांग्रेस सरकार को देखें.”

इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा था, “जब गृह मंत्री और वित्त मंत्री के तौर पर ‘दिमागी नक्सल’ वाले लोग हों, तो देश और वहां के लोगों को यही सब झेलना पड़ता है. खुद को बुद्धिजीवी कहने वालों की तरफ से फैलाई गई ये उधार की वामपंथी विचारधाराएं अपने पीछे सिर्फ अफरा-तफरी, अराजकता, तबाही और मौत ही छोड़ती हैं. हमारे देश में दशकों से ‘दिमागी नक्सलियों’ द्वारा पनपाए गए हिंसक नक्सलवाद को खत्म करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया.”

ओपी/पीएम